लखनऊ में शुक्रवार को मेयर सुषमा खर्कवाल ने सीएम योगी से मुलाकात किया। गोमती नदी में बढ़े जलस्तर से आई बाढ़ के बाद प्रभावित इलाकों में बुनियादी सुविधाएं बहाल करने के लिए नगर निगम ने विशेष बजट की मांग की है।पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित जोन-3, जोन-4 और जोन-6 में विकास कार्यों के लिए अलग से बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया। जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा महापौर ने कहा कि बाढ़ के बाद प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य करने के साथ भविष्य में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना जरूरी है। इसके लिए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पेयजल व सीवर संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए व्यापक स्तर पर काम कराने की जरूरत है। नए नाले और सीवर लाइन बिछाने पर जोर महापौर ने मुख्यमंत्री से प्रभावित इलाकों में जल निकासी के लिए नए नालों के निर्माण और मौजूदा नालों की व्यवस्था सुधारने के लिए बजट देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई सीवर लाइन बिछाने और पुरानी व्यवस्था को जरूरत के मुताबिक दुरुस्त करने की आवश्यकता है। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। सड़क और पेयजल व्यवस्था भी होगी दुरुस्त महापौर ने बाढ़ से प्रभावित सड़कों की मरम्मत, नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में केवल राहत कार्य पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि बुनियादी ढांचे को मजबूत करना भी जरूरी है। विशेष बजट मिलने पर इन क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, सीवर और पेयजल से जुड़े विकास कार्य कराए जा सकेंगे। इससे लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और भविष्य में बाढ़ व जलभराव से होने वाली परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी सकती है।

