इलाज के लिए जमीन-बेचने पहुंचे पति को पत्नी-बेटों ने रोका:संभल में रजिस्ट्री कार्यालय में हंगामा, पत्नी बोली- साथ रहिए, दोनों बेटे इलाज कराने को तैयार

इलाज के लिए जमीन-बेचने पहुंचे पति को पत्नी-बेटों ने रोका:संभल में रजिस्ट्री कार्यालय में हंगामा, पत्नी बोली- साथ रहिए, दोनों बेटे इलाज कराने को तैयार

संभल में दिमाग की नस की बीमारी का इलाज कराने के लिए ढाई बीघा जमीन बेचने पहुंचे एक व्यक्ति को उसकी पत्नी और दो बेटों ने रोक दिया। शुक्रवार को संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोट पूर्वी स्थित उप निबंधक कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा हुआ। पत्नी का आरोप था कि पति अपने परिवार की देखभाल करने के बजाय भाई के परिवार पर ध्यान देते हैं। वहीं, पति का कहना था कि उन्हें एमआरआई समेत अन्य जांच और इलाज के लिए पैसों की जरूरत है, इसलिए जमीन बेच रहे हैं। 30 साल से अलग रह रहे हैं पति-पत्नी मामला बहजोई जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर संभल के उप निबंधक कार्यालय का है। तहसील संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के सौंधन मोहम्मदपुर गांव निवासी चेतराम उर्फ महीपाल यादव पुत्र तोड़े के पास गांव में करीब 15 बीघा जमीन है। वह शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे इसमें से ढाई बीघा जमीन बेचने के लिए उप निबंधक कार्यालय पहुंचे थे। जमीन की रजिस्ट्री की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। शाम करीब 3:30 बजे उनकी पत्नी कपूरी अपने दो बेटों सोनू और संजय के साथ कार्यालय पहुंच गईं। उन्होंने पति पर परिवार की अनदेखी कर जमीन बेचने का आरोप लगाया। कपूरी ने कहा कि पति अपने भाई के परिवार का ध्यान रखते हैं, जबकि अपने परिवार के लिए कुछ नहीं करते। उन्होंने कहा कि अगर पति को कोई परेशानी है तो उन्हें बताएं और उनके साथ रहें। दोनों बेटे उनका इलाज कराने के लिए तैयार हैं, लेकिन पिता उनकी बात नहीं सुन रहे हैं। बोले- दिमाग की नस फटी है, इलाज के लिए चाहिए रुपये चेतराम ने बताया कि उनके पास 15 बीघा जमीन है, जिसमें से केवल ढाई बीघा बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिमाग की नस फटी हुई है और मुरादाबाद में इलाज चल रहा है। एमआरआई समेत अन्य जांच करानी हैं, जिसके लिए पैसों की जरूरत है। इसी वजह से जमीन बेचने का फैसला लिया है। पत्नी और दोनों बेटे उन्हें जमीन बेचने से रोकने के लिए पहुंचे हैं। 11.70 लाख रुपए में हुआ बैनामा उप निबंधक अमित कुमार ने शुक्रवार शाम करीब छह बजे बताया कि मुलायम सिंह और इंद्रपाल सिंह पुत्र मदनपाल तथा सत्यपाल पुत्र राजपाल के पक्ष में 180 हेक्टेयर भूमि का 11 लाख 70 हजार रुपये में बैनामा कराया गया है। बैनामा अधिवक्ता जसवीर के माध्यम से कराया गया। डायल 112 पर दी सूचना, पुलिस दोनों पक्षों को साथ ले गई मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 45 मिनट से अधिक समय तक दोनों पक्षों की बात सुनी। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ ले गई। संभल कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी और कैलादेवी थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि थाने पर इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जमीन की खरीद-बिक्री का मामला उप निबंधक कार्यालय से संबंधित है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *