घरौंडा मंडी में अचानक बढ़ी धान की आवक:किसान नेता जगदीप औलख बोले- बाहर से आ रहा, प्रशासन ने बनाई टीम

घरौंडा मंडी में अचानक बढ़ी धान की आवक:किसान नेता जगदीप औलख बोले- बाहर से आ रहा, प्रशासन ने बनाई टीम

धान का सीजन लगभग समाप्ति की ओर है, लेकिन घरौंडा की नई अनाज मंडी में बीते दो दिनों में धान की आवक अचानक तेज हो गई। मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतारें लगने से जाम जैसे हालात बन गए। इस बीच किसान यूनियन ने बाहरी क्षेत्र से धान लाकर सरकारी खरीद में बेचने की आशंका जताई है। यूनियन नेताओं का आरोप है कि कुछ व्यापारी किसानों के पोर्टल पर बची खरीद सीमा का फायदा उठाकर सरकार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मामले में किसान नेताओं ने डीसी से जांच की मांग की है। प्रशासन ने भी किसानों के खेतों का सत्यापन कराने के लिए टीम गठित की है। मंडी के बाहर लगी ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतारें गुरुवार और शुक्रवार को मंडी के गेट के बाहर धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतारें दिखाई दीं। सड़कों पर वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बन गई। किसान नेता जगदीप औलख ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि मंडी में पहुंच रही धान का बड़ा हिस्सा बाहरी क्षेत्र से आया है। उनका कहना है कि स्थानीय क्षेत्र में केवल 10 से 15 प्रतिशत धान की आवक बाकी है। ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में धान स्थानीय किसानों की नहीं हो सकती। पोर्टल की बची सीमा का फायदा उठाने का आरोप जगदीप औलख ने आरोप लगाया कि कुछ किसानों ने पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के बाद अपनी धान निजी व्यापारियों को बेच दी। वहीं, जिन किसानों के पोर्टल पर सरकारी खरीद की सीमा बची हुई है, उनके साथ कुछ व्यापारी सांठगांठ कर बाहरी धान मंगवा रहे हैं। आशंका है कि इस धान को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेचकर सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसान यूनियन ऐसा नहीं होने देगी। औलख ने डीसी से मुलाकात कर धान की आवक और जारी किए गए गेट पास की जांच कराने की मांग की। प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है। बाहरी धान का गेट पास नहीं काटा: सचिव वहीं, मार्केट कमेटी के सचिव सुनील कुमार ने बताया कि बाहरी क्षेत्र की धान मंडी में लाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। स्थानीय किसान धान लेकर आते हैं तो पहले उसका सत्यापन किया जाता है। इसके बाद ही गेट पास जारी किया जाता है। उन्होंने कहा कि बाहरी क्षेत्र से आई धान का कोई गेट पास नहीं काटा गया है। खेतों में जाकर फसल की जांच करेगी टीम घरौंडा के एसडीएम अनुभव मेहता ने बताया कि मंडी में धान लेकर आए किसानों और जारी किए गए गेट पास के आधार पर खेतों का सत्यापन करने के लिए टीम गठित की गई है। टीम खेतों में जाकर जांच कर रही है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है तो जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *