सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में दुकान से पायल चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सफेद धातु की दो जोड़ी पायल बरामद की हैं। शुक्रवार शाम चार बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भगवान लिंक रोड पर हरौड़ा पुल की ओर से तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया। मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बरामदगी से संबंधित धारा भी बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार, गांव बुढ्ढाखेड़ा अहीर निवासी राजीव कुमार पुत्र सोराज सिंह ने 22 अक्टूबर 2026 को गागलहेड़ी थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि गीता, साधना और शीतल नाम की महिलाओं ने उनकी दुकान से दो जोड़ी पायल चोरी कर ली हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। चोरी की घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी अभिनन्दन के निर्देशन में गागलहेड़ी थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भगवान लिंक रोड पर हरौड़ा पुल की ओर कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शिमला पत्नी स्वर्गीय सोमपाल और साधना पत्नी उपेंद्र, निवासी रामपुरी कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर, तथा गीता पत्नी बिट्टू, निवासी रामपुरी कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी की गई सफेद धातु की दो जोड़ी पायल बरामद की हैं। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई रणवीर सिंह, कांस्टेबल मनोज, रिजर्व कांस्टेबल अमनपाल और महिला पुलिसकर्मी राधा, अक्षी, शिवांगी तथा बेबी रानी शामिल रहीं।

