लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 24 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसमें पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए जाएंगे। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद उलेमा ने पात्र लोगों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की। जाफरा बाजार स्थित सब्ज़पोश हाउस मस्जिद में इमाम हाफिज रहमत अली निजामी और कारी मुहम्मद अनस नक्शबंदी ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि सामाजिक और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा सके पात्र लोगों से जरूरी दस्तावेज लेकर नजदीकी मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की। वहां फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। उलेमा ने अभियान में भागीदारी की अपील की।

