मुजफ्फरनगर के खांजापुर इलाके में 50 साल के बादल ठाकुर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे परिजनों ने उन्हें कमरे में फंदे पर लटका देखा। मृतक के बेटे करण ने आरोप लगाया कि उनके पिता पिछले 15-20 दिनों से मानसिक तनाव में थे। करण के मुताबिक, मकान के विवाद को लेकर लगातार पैसों की मांग की जा रही थी और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां मिल रही थीं। बेटे ने एक तथाकथित फर्जी मीडियाकर्मी पर भी ब्लैकमेल कर पैसे मांगने का आरोप लगाया है। करण ने बताया कि पैसे न देने पर खबर चलाने की धमकी दी जाती थी। परिवार ने करीब साढ़े तीन साल पहले यह मकान खरीदा था। बादल ठाकुर की मौत के बाद परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

