सीहोर जिले के इछावर नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार को हुई परिषद की बैठक के दौरान हंगामा हुआ। वार्ड में विकास कार्यों की अनदेखी और जानकारी न मिलने से नाराज पार्षद जुनैद खान ने बैठक कक्ष के बाहर जमीन पर धरना दिया। इस दौरान उनकी सीएमओ से भी बहस हुई। पार्षद जुनैद खान का आरोप है कि उन्होंने अपने वार्ड के विकास कार्यों, रोड और पुल निर्माण से जुड़ी जानकारी कई बार सीएमओ से मांगी थी। आरटीआई के तहत भी 30 दिन में कोई जवाब नहीं मिला। इसी से नाराज होकर उन्होंने परिषद की बैठक का विरोध किया। पार्षद ने सफाई कर्मचारियों के 4 साल से रुके पीएफ और अन्य भुगतान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि वे कर्मचारियों के हक की लड़ाई में उनके साथ हैं। इस विरोध के चलते परिषद कार्यालय में देर तक माहौल गरमाया रहा।

