सुपर मार्केट में दुकान से लाखों के मोबाइल चोरी:सुल्तानपुर में चोर DVR-कैमरे और कैश भी ले गए, व्यापारियों में गुस्सा

सुपर मार्केट में दुकान से लाखों के मोबाइल चोरी:सुल्तानपुर में चोर DVR-कैमरे और कैश भी ले गए, व्यापारियों में गुस्सा

सुल्तानपुर में कोतवाली नगर क्षेत्र के सुपर मार्केट स्थित एक मोबाइल की दुकान में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर दुकान का शटर उखाड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के मोबाइल व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह 11 बजे दुकान मालिक को घटना का पता चला। पीड़ित मोबाइल दुकानदार सलमान ने बताया कि यह चोरी की घटना रात के 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। चोरों ने दुकान के शटर को किनारे से लोहे की सरिया से उखाड़ा और अंदर प्रवेश किया। चोर केवल सामान ही नहीं चुराए, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए दुकान में लगा कैमरा, डीवीआर और ई-वीआर भी निकाल ले गए तथा कैमरे को कपड़े से ढक दिया था। लगभग 20 से 25 नए मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। दुकान से करीब 30,000 रुपये नकद भी चोरी किए गए। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, चोरी गए सामान और कुल नुकसान की कीमत लगभग 5 से 6 लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष और सुंदरलाल व्यापारी कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष आनंद पांडे ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सुपर मार्केट की जर्जर हालत, टूटी नालियां और गायब हो चुके दोनों गेटों को ठीक कराने की मांग पिछले डेढ़ साल से की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सुपर मार्केट में लगभग 250 दुकानें हैं, जिनमें राजनीतिक कार्यालय और बैंक भी शामिल हैं। इसके बावजूद नगरपालिका यहां से केवल किराया वसूलती है और व्यवस्थाओं के प्रति पूरी तरह उदासीन है। त्योहारी सीजन (धनतेरस और दीपावली) चल रहा है, ऐसे में व्यापारी अपनी दुकान में माल भरकर परिवार के भरण-पोषण की उम्मीद करते हैं। लेकिन रात में सुरक्षा गश्त न होने के कारण व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने मांग की है कि सुपर मार्केट के दोनों गेट तत्काल दुरुस्त किए जाएं। ताकि सभी व्यापारी मिलकर चंदा जुटाकर चौकीदार की व्यवस्था कर सकें और दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के समय इस व्यावसायिक क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और चोरी की इस बड़ी घटना का जल्द से जल्द खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *