जैसलमेर में अक्टूबर के आखिरी दिनों में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। गुरुवार दोपहर तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आमतौर पर इस समय हल्की ठंडक शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार तेज धूप और उमस से लोग परेशान हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 5 साल में दूसरी बार अक्टूबर में 40 डिग्री पिछले 5 साल में यह दूसरा मौका है, जब अक्टूबर के आखिरी दिनों में जैसलमेर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा है। इससे पहले 2024 में भी अक्टूबर के अंत में तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया था। इस साल मानसून के दौरान कम बारिश होने से जमीन में नमी कम हो गई है। ऐसे में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी से पर्यटन कारोबार पर असर जैसलमेर में पर्यटन का सीजन सुहावने मौसम के साथ शुरू होता है। 15 अक्टूबर के बाद सोनार दुर्ग, गड़ीसर लेक और सम-खुहड़ी के सैंड ड्यून्स पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगती है। लेकिन इस बार दोपहर की तेज धूप और गर्म रेत के कारण खुले रेतीले इलाकों में घूमना पर्यटकों के लिए मुश्किल हो रहा है। टेंट और रिसॉर्ट में ठहरने वाले सैलानियों को भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। शाम के बाद भी उमस बनी रहने से रात में पंखे और कूलर से भी राहत कम मिल रही है। अगले कुछ दिनों तक राहत के आसार नहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के वायुमंडल में बने एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसूनी बारिश की कमी के कारण अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। हवा की दिशा में बदलाव होने तक जैसलमेर में गर्मी का असर बना रह सकता है।

