लखनऊ के ऐशबाग रामलीला मैदान से गुरुवार को राजा रामचंद्र की नगर दर्शन शोभायात्रा निकली। राजसी वैभव से सजी यात्रा में रामायण के पात्र जीवंत नजर आए। स्वर्ण रथ पर भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान के विग्रह विराजमान रहे। शोभायात्रा में 32 रथ शामिल रहे। इनमें रामायण के अलग-अलग पात्रों के रूप में कलाकार सजे थे। गणेश, ऋद्धि-सिद्धि, तुलसीदास, नारद, इंद्र, सूर्यदेव, ब्रह्मा, सरस्वती, दुर्गा, काली, शिव-पार्वती और लक्ष्मी-नारायण के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। वशिष्ठ, विश्वामित्र, परशुराम, राधा-कृष्ण, निषादराज, जामवंत, नल-नील, सुग्रीव, अंगद, विभीषण और सुमंत्र के साथ राजा जनक-सुनैना के रथ भी शामिल रहे। कौशल्या, कैकेयी, सुमित्रा, मांडवी, उर्मिला और श्रुतकीर्ति के स्वरूपों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। 3 तस्वीरें देखिए… विंटेज कारों में दिखे वानर-भालू यात्रा में 10 घुड़सवार राजसी परिधान में शामिल हुए। दो विंटेज कारों में 15 कलाकार वानर और भालू के रूप में सजे थे। इन्हें देखकर बच्चे खासे उत्साहित नजर आए। एक ब्रास बैंड, सात डीजे और छह ढोल-नगाड़ा दलों की गूंज के बीच यात्रा आगे बढ़ी। रंगीन रोशनी से सजे रथों ने माहौल को और भव्य बना दिया। सड़क की दोनों पटरियों से लेकर घरों की छतों तक लोगों की भीड़ रही। हर संप्रदाय के लोगों ने श्रद्धा के साथ यात्रा देखी और जगह-जगह स्वागत किया। जगह-जगह उतारी आरती शोभायात्रा ऐशबाग रामलीला मैदान से पीली कॉलोनी, वाटर वर्क्स रोड, कोयला मंडी, यहियागंज, राजा बाजार, सुभाष मार्ग, रकाबगंज और नादान महल रोड होते हुए वर्मा स्टॉप स्थित माता धर्मध्वजी देवी मंदिर पहुंची। रास्ते में लोगों ने भगवान राम की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा में ऐशबाग श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष हरीशचंद्र अग्रवाल, मंत्री ऋतुराज रस्तोगी, उपाध्यक्ष शुभम अग्रवाल द्वितीय, कोषाध्यक्ष शुभम अग्रवाल प्रथम समेत कमेटी के पदाधिकारी शामिल हुए।

