तिलक मार्केट में पटाखों की दुकान में भीषण आग:30 मिनट तक गूंजते रहे धमाके, नीचे रेडीमेड की दुकान में भी नुकसान

तिलक मार्केट में पटाखों की दुकान में भीषण आग:30 मिनट तक गूंजते रहे धमाके, नीचे रेडीमेड की दुकान में भी नुकसान

अलवर कोतवाली थाना क्षेत्र के सबसे व्यस्त तिलक मार्केट में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पटाखों की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के साथ ही करीब 30 मिनट तक तेज धमाके होते रहे, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल की 4 से 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। उसके बावजूद भी दुकान से धुआं निकलता रहा। पूरे तिलक मार्केट में धुआं ही धुआं हो गया। नगर निगम की मेयर सुमनलता अग्रवाल भी मौके पर पहुंची। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जानकारी के अनुसार, तिलक मार्केट में बब्बू पंजाबी की पटाखे की लाइसेंसशुदा दुकान और गोदाम है। बताया जा रहा है कि यहां शादी-ब्याह के लिए पटाखे रखे हुए थे। सुबह करीब 10 बजे प्रथम मंजिल पर बने गोदाम में शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आतिशबाजी के सामान में एक के बाद एक कई धमाके होने लगे। धुएं के गुबार से पूरी गली ढकी, लोग दूर भागे आग इतनी भयानक थी कि दुकान से धुएं का गुब्बार उठने लगा और पूरी गली धुएं से भर गई। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के व्यापारी और ग्राहक जान बचाकर भागे। एहतियात के तौर पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत भीड़ को मौके से दूर किया। नीचे रेडीमेड की दुकान, ऊपर बना था गोदाम भवन की निचली मंजिल पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान है, जबकि ऊपर की मंजिल पर आतिशबाजी का गोदाम बना रखा था। ऊपर लगी आग का असर नीचे की दुकान तक भी पहुंचा। धुएं और आग की लपटों के कारण दो दुकानों में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। अग्निशमन कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों में नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *