Bihar Legislative Council की 8 सीटों पर वोटिंग, 933 बूथों पर मतदान जारी

Bihar Legislative Council की 8 सीटों पर वोटिंग, 933 बूथों पर मतदान जारी

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान शाम चार बजे तक होगा।

इन चुनावों में कुल 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इनमें 1,46,611 महिलाएं और थर्डजेंडर के 37 मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 933 केंद्र बनाए गए हैं।

मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल (यूनाइटेड) के भीतर खुलकर सामने आई खींचतान के कारण मुकाबले पर विशेष नजर है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाए जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं।

पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले नीरज कुमार इस सीट से लगातार चौथी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। अनंत सिंह ने अनुज सिंह को समर्थन देते हुए आरोप लगाया है कि नीरज कुमार ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ काम किया था। पटना स्नातक के अलावा दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतदान हो रहा है।

मौजूदा विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होने वाला है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे हैं, जिनमें तीन मौजूदा विधान पार्षद फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, जदयू ने शेष चार सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं।

भाजपा के उम्मीदवारों में विधान पार्षद नवल किशोर यादव, एनके यादव और सर्वेश कुमार शामिल हैं। ये क्रमशः पटना शिक्षक, कोसी स्नातक और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी (जेएसपी) सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *