पानीपत के नांगल खेड़ी गांव निवासी 28 वर्षीय राहुल मलिक की हत्या के बाद घटनास्थल का छह सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें राहुल फर्श पर खून से लथपथ पड़ा दिखाई दे रहा है। घटनास्थल पर फर्श पर खून फैला हुआ है। वीडियो में शराब की बोतल और ऑफिस का टूटा हुआ सामान भी नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उधर, राहुल की हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को उसके परिजनों की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज परिजन और ग्रामीण सिविल अस्पताल के बाहर जीटी रोड पर जाम लगाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद वे लौट गए। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे। पिता की शिकायत पर चार के खिलाफ हत्या का केस मामले में औद्योगिक सेक्टर-29 थाना पुलिस ने राहुल के पिता राकेश मलिक की शिकायत पर आर्यन, राकू, रिंकू और एक अन्य युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। जांच सब इंस्पेक्टर रोबिन नैन को सौंपी गई है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने राहुल को घर से बाहर बुलाकर उस पर हमला किया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिजन मांग कर रहे हैं। दशहरे पर शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद राहुल मलिक नांगल खेड़ी गांव का रहने वाला था। परिजनों के आरोपों के अनुसार, मंगलवार को विजयदशमी के दिन विकास नगर और नांगल खेड़ी की सीमा पर स्थित एक ऑफिस में राहुल और उसके कुछ दोस्तों के बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद राहुल की हत्या कर दी गई। अमेरिका से डिपोर्ट होकर लौटा था राहुल परिजनों के अनुसार, राहुल और मुख्य आरोपी आर्यन बचपन के दोस्त थे। बताया गया है कि दोनों वर्ष 2023 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका गए थे। अमेरिका जाने के लिए करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाने की बात भी सामने आई है। बाद में दोनों को वहां से डिपोर्ट कर भारत भेज दिया गया था।

