सांसद अनुराग का दावा- कांग्रेस के कई नेता छोड़ेंगे पार्टी:आखिरी साल में और बढ़ेगी टूट, बोले-जनता ही नहीं, कांग्रेस नेता भी नीतियों से तंग

सांसद अनुराग का दावा- कांग्रेस के कई नेता छोड़ेंगे पार्टी:आखिरी साल में और बढ़ेगी टूट, बोले-जनता ही नहीं, कांग्रेस नेता भी नीतियों से तंग

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने ठियोग में मीडिया से बातचीत में दावा किया कि कांग्रेस के कई नेता पार्टी छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कई नेता पहले ही कांग्रेस छोड़ चुके हैं और सरकार के कार्यकाल के आखिरी साल में और लोग भी पार्टी से किनारा करेंगे। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता के साथ कांग्रेस के नेता भी पार्टी की नीतियों से तंग आ चुके हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार बदहाली की स्थिति में है और उसके खटारा मॉडल ने हिमाचल प्रदेश को खराब हालत में पहुंचा दिया है। अनुराग ठाकुर का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए छह पूर्व विधायकों की वापसी को लेकर स्पष्ट रुख अपनाया था। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए छह पूर्व विधायकों को पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर कोई और कांग्रेस छोड़कर जाना चाहता है तो वह भी जा सकता है। दरअसल, अनुराग ठाकुर शिमला जिले के ठियोग विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की ओर से पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में जीत हासिल करने वाले नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में सम्मेलन में पहुंचे थे। कार्यक्रम में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिरकत की। कांग्रेस की गारंटियों को लेकर हमला बोला इस दौरान दोनों नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए पंचायत चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को प्रदेश की राजनीति के लिए अहम बताया। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों, प्रदेश की आर्थिक स्थिति और राहुल गांधी के बयानों को लेकर सवाल उठाए, जबकि जयराम ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी। पंचायत चुनाव में BJP का प्रदर्शन राजनीतिकक माहौल बदलने का संकेत: अनुराग अनुराग ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है। उन्होंने चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा की जीत और जिला परिषदों में पार्टी के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि जनता का रुझान भाजपा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर चुनाव के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक प्रदेश के कर्मचारी, पेंशनर, युवा और महिलाएं सरकार की नीतियों से परेशान हैं। कांग्रेस को महिला विरोधी बताया अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े बयान और महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर स्पष्ट रुख नहीं अपना रही है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *