मंदसौर के पांचों विकासखंडों में 26 से 30 अक्टूबर तक दिव्यांगजनों और वृद्धजनों के लिए सहायक उपकरण परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इनमें पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन और मूल्यांकन कर ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, कृत्रिम अंग सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 23 अक्टूबर को गरोठ विकासखंड के शामगढ़ और तोलाखेड़ी में शिविर लगाए जाएंगे। इनमें ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों का निराकरण करने के साथ शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पांचों विकासखंडों में इन तारीखों पर लगेंगे शिविर एडिप योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत आयोजित शिविरों में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), उज्जैन के पुनर्वास विशेषज्ञ दिव्यांगजनों और वृद्धजनों का परीक्षण करेंगे। शिविर सुबह 11 बजे से शुरू होंगे। 26 अक्टूबर: जनपद पंचायत परिसर, मंदसौर। 27 अक्टूबर: जनपद पंचायत परिसर, मल्हारगढ़। 28 अक्टूबर: सांदीपनी विद्यालय, सीतामऊ रोड, लदुना। 29 अक्टूबर: सिविल अस्पताल परिसर, भानपुरा। 30 अक्टूबर: सिविल अस्पताल परिसर, गरोठ। संबंधित विकासखंड की जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों के हितग्राही इन शिविरों में शामिल हो सकेंगे। पात्र पाए जाने वाले हितग्राहियों को आगामी शिविर में सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे, जबकि कृत्रिम अंग का वितरण परीक्षण शिविर स्थल पर ही किया जाएगा। दिव्यांगजन और वृद्धजन ये दस्तावेज लेकर आएं दिव्यांगजनों के पास कम से कम 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाला यूडीआईडी कार्ड, समग्र आईडी, दो पासपोर्ट साइज फोटो और मासिक आय 22,500 रुपए से कम होने का प्रमाण पत्र या बीपीएल राशन कार्ड होना जरूरी है। साथ ही, उन्होंने पिछले तीन वर्षों में किसी भी स्रोत से सहायक उपकरण का लाभ नहीं लिया होना चाहिए। कृत्रिम अंग के लिए पिछले एक वर्ष में इसका लाभ नहीं लिया होना अनिवार्य है। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता होना जरूरी है। इसके लिए पिछले तीन वर्षों में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का लाभ नहीं लिया होना चाहिए। राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत लाभ लेने वाले वृद्धजनों की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। उन्हें आधार कार्ड, समग्र आईडी, दो पासपोर्ट साइज फोटो और मासिक आय 15,000 रुपए या उससे कम होने का प्रमाण पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड साथ लाना होगा। 23 अक्टूबर को शामगढ़ और तोलाखेड़ी में जन संवाद मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 23 अक्टूबर को सुबह 10 बजे आईटीआई, शामगढ़ में उद्यम संवाद शिविर आयोजित होगा। इसी दिन ग्राम तोलाखेड़ी में जन संवाद शिविर लगाया जाएगा। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के मार्गदर्शन में होने वाले इन शिविरों में राजस्व, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों का निराकरण किया जाएगा। शिविरों में जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। अभियान के तहत गरोठ विकासखंड की गरोठ, भटूनी, किलगारी, बापच्या, तोलाखेड़ी, चंदवासा, गरड़ा, बंजारीचंदवासा, बरखेड़ानायक, पिछला, असावती, बर्डियापूना, बनी, कुरावन, बरखेड़ागांगासा, एरिया, पीपलखेड़ा, सूरजना, बर्रामा, सेमरोल, खड़ावदा, देथलीखुर्द, देथलीबुजुर्ग, गारियाखेड़ी, पपिलया राजा, ढलमू, ढाबा, चचावदा पठारी और मोलाखेड़ी बुजुर्ग सहित क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में अधिकारी भ्रमण करेंगे। प्रशासन ने ग्रामीणों से शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं और शिकायतों का निराकरण कराने की अपील की है।

