बरेली में डिलीवरी बॉय की हत्या:एक आरोपी हिरासत में; 10 की तलाश में दबिश

बरेली में डिलीवरी बॉय की हत्या:एक आरोपी हिरासत में; 10 की तलाश में दबिश

बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात डिलीवरी का काम खत्म कर घर लौट रहे संजय सक्सेना (28) की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में उनका साथी मोनू सैनी भी घायल हो गया। संजय की बहन की तहरीर पर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शांति विहार कॉलोनी निवासी संजय और मोनू स्विगी में डिलीवरी का काम करते थे। बुधवार रात करीब 2 बजे दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि होली चौराहे के पास आशीष गुर्जर, विकास श्रीवास्तव, धीरेंद्र और उनके साथियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान संजय की मौत हो गई। मोनू का उपचार कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छह साल पहले हुई थी शादी संजय नोएडा में काम करते थे। वह 20 अक्टूबर को अपनी बहन साक्षी के घर बरेली आए थे। बुधवार रात हुई घटना में उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। संजय की शादी छह साल पहले रोशनी से हुई थी। उनके तीन साल के बेटे तन्मय और दो साल की बेटी आदू के सिर से पिता का साया उठ गया। छह महीने पहले भी हुआ था विवाद पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच करीब छह महीने पहले मारपीट होने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या की असली वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि संजय की बहन की शिकायत पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *