हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन मौसम साफ रहेगा। दो दिन बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव आने की संभावना है। इसके प्रभाव से 24 और 25 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, लाहौल-स्पीति, चंबा और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं। इससे प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ सकता है। मौसम में बदलाव के चलते अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ेगी। हालांकि, 26 अक्टूबर से मौसम फिर साफ होने का पूर्वानुमान है। इसके बाद 28 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है। राज्य के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान पहले ही 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे चल रहा है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1 डिग्री कम दर्ज किया जा रहा है। ज्यादातर शहरों में रात का पारा सामान्य से नीचे रहने के कारण सुबह और शाम के समय ठंड महसूस हो रही है। ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 और 25 अक्टूबर को संभावित बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने से दिन के समय भी ठंड का असर बढ़ेगा। इस विंटर सीजन में सामान्य से 33% ज्यादा बारिश प्रदेश में इस विंटर सीजन के दौरान अब तक सामान्य से 33 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। किन्नौर और सिरमौर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में सामान्य से ज्यादा बादल बरसे हैं। कुछ जिलों में बारिश सामान्य से काफी अधिक दर्ज की गई है। बिलासपुर में सामान्य से 85 फीसदी अधिक, चंबा में 28 फीसदी, हमीरपुर में 59 फीसदी, कांगड़ा में 138 फीसदी, कुल्लू में 30 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 31 फीसदी, मंडी में 10 फीसदी, शिमला में 27 फीसदी, सोलन में 60 फीसदी और ऊना में 51 फीसदी अधिक बारिश हुई है। इसके विपरीत किन्नौर में सामान्य से 32 फीसदी और सिरमौर में 42 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

