Sirohi Panchayat Election 2026: जिले की 4 पंचायत समितियों में मतदान कल, 3.63 लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

Sirohi Panchayat Election 2026: जिले की 4 पंचायत समितियों में मतदान कल, 3.63 लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

सिरोही। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के तहत सिरोही जिले की 4 पंचायत समितियों- आबूरोड, शिवगंज, कालन्द्री और मंडार में गुरुवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाली मतदान प्रक्रिया में 3,63,156 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए चारों क्षेत्रों में 394 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान संपन्न कराने के लिए 1,970 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1,800 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे।

पहले चरण में पंचायत समिति के 72 वार्डों में 211 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, जिला परिषद के 13 वार्डों के लिए भी मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मी तेज है। प्रत्याशी अपनी जीत के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। मतदान के दौरान जिले के 24 संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

नवीन भवन स्कूल से रवाना हुए मतदान कर्मी

चुनाव के लिए बुधवार को सिरोही के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवीन भवन में मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद मतदान दलों को चुनाव सामग्री सौंपकर निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना किया गया। पहली पारी में आबूरोड और मंडार क्षेत्र के दल रवाना हुए, जबकि दूसरी पारी में शिवगंज और कालन्द्री के मतदान दलों को भेजा गया। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ईवीएम सहित आवश्यक चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया और जरूरी प्रपत्रों के संधारण से जुड़ी जानकारी भी दी गई। दलों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं संभाल लीं।

निष्पक्ष मतदान कराने के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं। मतदान केंद्रों पर पहुंचते ही जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। मॉक पोल और प्रपत्रों से जुड़े कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरे किए जाएं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश गोयल ने भी कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि चुनाव की जिम्मेदारी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निभाई जाए। सभी कार्मिक निर्वाचन नियमों का पालन करते हुए अपने दायित्व पूरे करें। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स सहित मतदान दलों के कार्मिक मौजूद रहे।

24 अक्टूबर को पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान

पंचायती राज चुनाव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के बाद पंच-सरपंच चुनाव की प्रक्रिया होगी। इसके लिए 23 अक्टूबर को नामांकन लिए जाएंगे। पंच और सरपंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। इसके बाद 25 अक्टूबर को उप सरपंच पद के लिए चुनाव होंगे। इस तरह पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के साथ गांवों की सरकार चुनने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी।

यह वीडियो भी देखें :

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *