धार की 34वीं वाहिनी विसबल परिसर में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा और 34वीं वाहिनी के कमांडेंट अरविंद तिवारी सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह की शुरुआत शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों के सम्मान में नामावली वाचन के साथ हुई। कमांडेंट अरविंद तिवारी ने पिछले एक वर्ष में देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। तस्वीरें देखें… शहीदों को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर इसके बाद कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा, कमांडेंट अरविंद तिवारी सहित उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान परेड ने शोक शस्त्र धारण कर शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया। समारोह में कर्तव्य के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को याद किया गया। अधिकारियों ने शहीदों के समर्पण और साहस को देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में 34वीं वाहिनी विसबल और जिला पुलिस बल के अधिकारी-जवान, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

