केरल के कोच्चि में कथित तौर पर एक आपराधिक गिरोह ने चाकू से हमला कर दो पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नजारक्कल थाने के उपनिरीक्षक जितिन और कांस्टेबल राजेश मंगलवार देर रात एक निजी बस के कर्मचारियों पर हमले की सूचना मिलने के बाद एलनकुन्नापुझा स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे, जहां उन पर हमला किया गया।
पुलिस ने बताया कि बस चालक पर हमला करने वाले गिरोह का नेतृत्व कथित तौर पर मुन्ना कर रहा था, जो हत्या के एक मामले में आरोपी है। पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों में से दो का आपराधिक रिकॉर्ड है और वे कई मामलों में शामिल रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए आरोपियों को जल्द ही पेट्रोल पंप ले जाया जाएगा और उनकी गिरफ्तारी औपचारिक रूप से दर्ज की जाएगी। घायल हुए दो पुलिसकर्मियों में से एक अब भी अस्पताल में भर्ती है जबकि दूसरे को बुधवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अलुवा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के. एस. सुदर्शन ने कहा कि पुलिस विभाग इस घटना को गंभीरता से ले रहा है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जांच में इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि आरोपियों ने नशीले पदार्थों का सेवन तो नहीं किया था।

