गोंडा में साइड मांगने पर दो गुटों में मारपीट:सड़क पर चले लात घूंसे, पांच लोग गंभीर रूप से घायल

गोंडा में साइड मांगने पर दो गुटों में मारपीट:सड़क पर चले लात घूंसे, पांच लोग गंभीर रूप से घायल

गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के परासखाल गांव के पूरे मुसद्दी में मंगलवार देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान रास्ते में साइड लेने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में अखिलेश राजभर, गोमती राजभर, शोभाराम, रंजीत राजभर और अशोक राजभर घायल हो गए। घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। अखिलेश राजभर की तहरीर पर इटियाथोक पुलिस ने रणवीर सिंह, आशीष सिंह, शिवम सिंह, रतन सिंह और अजय सिंह के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अखिलेश राजभर और रणवीर सिंह पक्ष के लोग अपनी-अपनी दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में साइड लेने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया विवाद घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों की दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। सीओ बोले- मुकदमा दर्ज, जांच जारी सीओ सदर अभिषेक दवाच्या ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान रास्ते में साइड लेने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में विवाद में बदल गई। एक पक्ष के लोगों को चोटें आई हैं। अखिलेश राजभर की तहरीर पर दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *