दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में मंगलवार को 4 और लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 2 महिलाएं शामिल हैं। आरोप है कि इन्होंने शूटरों को हथियार सप्लाई किए थे। आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के कुनाल (21), सुमित (19) और उत्तर प्रदेश की राधा (23), बबीता (23) के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने बिहार के ऋतिक उर्फ रोशन और हरियाणा के रेहान व फूल सिंह को सोमवार को कोटा से गिरफ्तार किया था। वही, आरोपियों ने जांच में बताया है कि उन्होंने टाइगर पर हमले से पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार की रेकी की थी। लेकिन सिक्योरिटी ज्यादा होने के कारण प्लान बदल दिया था। मुंबई के जुहू में 18 अक्टूबर की शाम फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर की कार पर तीन बाइक सवारों ने फायरिंग की। हमले में टाइगर सुरक्षित रहे, जबकि उनका ड्राइवर घायल हो गया था। टाइगर खुद उसे कार से अस्पताल ले गए थे। गिरफ्तार महिलाओं पर हथियार पहुंचाने का आरोप जांच में पता चला है कि कुणाल, अनिल पंडित के संपर्क था। अनिल पंडित लॉरेंस गैंग से जुड़ा है, जिसने ही टाइगर पर हमले की जिम्मेदारी ली थी। आरोपी है कि कुणाल और सुमित ने ही हथियारों को इंतजाम किया था। इसके बाद ये हथियार राधा और बबीता के जरिए शूटरों तक पहुंचाए गए थे। टाइगर से पहले अमिताभ-सलमान थे असली टारगेट टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले आरोपी मुंबई में किसी बड़े स्टार को निशाना बनाने पहुंचे थे। मुंबई क्राइम ब्रांच और कोटा पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि उनके निशाने पर अमिताभ बच्चन, आमिर खान, सलमान खान और अक्षय कुमार समेत कई बड़े अभिनेता थे। कोटा पुलिस के मुताबिक, करीब एक महीने पहले आरोपियों को मुंबई भेजा गया था। लॉरेंस गैंग के गुर्गे अनिल पंडित ने उन्हें किसी बड़े स्टार को टारगेट करने के लिए कहा था। आरोपियों ने अभिनेताओं के घरों की रेकी की और उनके वीडियो अनिल पंडित को भेजे। हालांकि, कड़ी सुरक्षा देखकर उन्होंने अपना प्लान बदल दिया। इसके बाद आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया, क्योंकि वे हर रविवार शाम फुटबॉल खेलने आते हैं। आरोपियों ने गूगल से टाइगर श्रॉफ की जानकारी जुटाई थी। उन्होंने सेल्फी लेने के बहाने उनकी कार के पास पहुंचकर फायरिंग करने का प्लान बनाया। सात दिन तक रेकी करने के बाद आरोपी रविवार को मौके पर पहुंचे। हालांकि, पार्क के बाहर भीड़ होने के कारण उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। ‘चौथा’ साथी भी था, पर डरकर भाग गया आरोपियों के साथ एक चौथा युवक भी था, लेकिन वह हमले से एक रात पहले सिगरेट पीने के बहाने होटल से भाग गया। शुरुआती तस्वीरों में बंधी थीं पट्टियां, अब दिखा सुधार 18 अक्टूबर को हुए हमले के बाद सामने आई तस्वीरों में उनके शरीर पर चोटों के निशान और पट्टियां साफ दिख रही थीं। उनके दाहिने हाथ पर कोहनी से पंजे तक बैंडेज और सीने पर ड्रेसिंग की गई थी। हालांकि, मंत्री आशीष शेलार के साथ मंगलवार को हुई मुलाकात की तस्वीरों में टाइगर बिना किसी पट्टी के सामान्य नजर आ रहे हैं। —————————— ये खबर भी पढ़ें टाइगर श्रॉफ फायरिंग- शूटर रेहान के 2 दोस्त पकड़ाए:मां बोली- ₹2 लाख कमाने का ऑफर आया एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले हरियाणा के शूटर रेहान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके दो दोस्तों समीर और बोनी को भी डिटेन कर लिया है। रेहान की मां शमशीदा ने कहा कि सोनीपत पुलिस दोनों को साथ ले गई है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। समीर, रेहान का पड़ोसी भी रहा है। पूरी खबर पढ़ें
टाइगर श्रॉफ केस में दिल्ली से 4 आरोपी गिरफ्तार:इनमें 2 महिलाएं; आरोपियों का खुलासा- पहले सलमान, अमिताभ, अक्षय-आमिर की रेकी की थी

