ओढ़ां| पीरखाना ओढ़ा के संस्थापक स्वर्गीय बाबा सरूप चंद गर्ग की बरसी और मूर्ति स्थापना दिवस पर 22 अक्टूबर, वीरवार को सालाना दीवान और भंडारा होगा। पीरखाना चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रवक्ता लभु राम गर्ग ने बताया कि सेवादारों और गांववासियों के सहयोग से हर साल की तरह इस बार भी कार्यक्रम धूमधाम से होगा। लभु राम गर्ग ने बताया कि शाम 4:15 बजे बाबा सरूप चंद गर्ग के स्वरूप को स्नान कराया जाएगा। नए वस्त्र पहनाए जाएंगे। इसके बाद शाम को चिराग-ए-रोशन किए जाएंगे। रात में बाहर से आए शैख और चेले पूरी रात बाबा का गुणगान करेंगे। गद्दीनशीन बाबा सोहन लाल गर्ग ने बताया कि दीवान की तैयारियां तेज हैं। सेवादार जुटे हैं। पीरखाना के चारों तरफ साफ-सफाई कराई जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि परिवार के साथ आएं। बाबा का आशीर्वाद लें। रात का भोजन भंडारे में ही करें।

