माकपा नेताओं ने मतदाता सूची के जारी ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) के खिलाफ मंगलवार को प्रदर्शन किया और इस दौरान उन्होंने “वोट चोरी-एसआईआर” लिखा हुआ एक पुतला भी जलाया। पार्टी की वरिष्ठ नेता वृंदा करात ने कहा कि जो लोग मतदान के अधिकार का बचाव कर रहे हैं, वे अच्छाई की ताकतों का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह विरोध प्रदर्शन एकेजी भवन स्थित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) मुख्यालय के बाहर किया गया, जहां से पार्टी नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाते हुए मार्च निकाला।
वे “वोट चोर, गद्दी छोड़” और “जनतंत्र पर हमला नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगा रहे थे। करात ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, और उन्होंने इस त्योहार की तुलना मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए जारी राजनीतिक लड़ाई से की। उन्होंने कहा, “आज का दिन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।
अच्छे लोग वे हैं जो मत देने के अधिकार की रक्षा कर रहे हैं। बुरे लोग वे हैं जो लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं और मतदान का अधिकार छीन रहे हैं।”
माकपा नेता सुभाषिनी अली ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेताओं सौरभ दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की निंदा की। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह सरकार की आलोचना करने वालों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है।

