देश में त्योहारों के दौरान ई-कॉमर्स की मजूबत शुरुआत हुई है। यह एक उत्साहजनक संकेत है। सेंसर टॉवर के आंकड़ों पर आधारित बैंक ऑफ अमेरिका (बोफा) की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई।
रिपोर्ट में कहा गया कि फ्लिपकार्ट के दैनिक सक्रिय उपयोगकर्ता (डीएयू) अपनी बिग बिलियन डेज सेल के पहले दिन एक नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। मीशो और अमेजन ने भी मजबूत शुरुआती दिनों की सूचना दी है। गैर-महानगरों के खरीदार और पहली बार आने वाले उपयोगकर्ता सभी मंचों पर मांग के प्रमुख चालक रहे।
फ्लिपकार्ट पर नए ग्राहक 34 प्रतिशत बढ़े, और गैर-महानगरों की हिस्सेदारी इसकी मांग में लगभग 60 प्रतिशत रही। फैशन खंड में मिंत्रा सबसे बड़ा मंच बना हुआ है, जिसके मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता (एमएयू) सितंबर में सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर लगभग 9.3 करोड़ हो गए। नायका फैशन के मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता 24 प्रतिशत बढ़कर लगभग 1.7 करोड़ हो गए, जबकि नायका लगभग दो करोड़ मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं के साथ सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल (बीपीसी) का अग्रणी मंच बना हुआ है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि क्विक कॉमर्स और फूड डिलीवरी का संरचनात्मक रूप से बढ़ना जारी रहा, लेकिन दैनिक उपयोग में बहुत कम त्योहारी तेजी देखी गई। सितंबर में ब्लिंकिट के मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता सालाना आधार पर 53 प्रतिशत बढ़कर लगभग 5.8 करोड़ हो गए। बिक्री के पहले छह दिनों में इसके औसत दैनिक सक्रिय उपयोगकर्ता सितंबर के स्तर से तीन प्रतिशत बढ़े, जबकि जेप्टो में दो प्रतिशत की गिरावट आई।
इन मंचों पर उपयोग आमतौर पर रक्षा बंधन और वेलेंटाइन डे जैसे अवसरों पर बढ़ जाता है।

