लखीमपुर खीरी में दशहरा मेले को राहत मिली है। नगर पालिका ने मेले का समय 10 से 12 दिन बढ़ा दिया है। कम समय मिलने से परेशान दुकानदारों ने मंगलवार को पालिका कार्यालय पहुंचकर आर्थिक नुकसान की बात कही। शुरुआती बातचीत में सहमति नहीं बनी, पर बाद में पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव और अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने उनकी समस्याएं सुनीं। बुधवार से मेला मैदान में दुकानें लगनी शुरू होंगी। कर्मचारियों ने दुकानों के आवंटन के लिए प्लॉट काटने शुरू किए पालिका अध्यक्ष ने मेले का समय 10 से 12 दिन बढ़ाने की अनुमति दी। अतिरिक्त समय का किराया पहले जैसा रहेगा। सहमति के बाद पालिका अध्यक्ष, ईओ और जेई समरा सईद मेला मैदान पहुंचे। दुकानदारों को दुकानें लगाने की तैयारी शुरू करने को कहा। अधिकारियों ने परेशानी न होने का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने दुकानों के आवंटन के लिए प्लॉट काटने शुरू किए। नगर पालिका के इस फैसले से लंबे समय से असमंजस में पड़े दुकानदारों को राहत मिली है। अब मेला मैदान में दुकानें सजने और कारोबार शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि, नगर पालिका और रामलीला कमेटी के बीच विवाद के चलते मेले की तैयारियां प्रभावित हुई थीं, लेकिन दुकानदारों को अतिरिक्त समय देने के फैसले से मेले के आयोजन को गति मिलने की संभावना है।

