मैनपुरी में मतदाता सूची से कटे नामों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने सख्ती दिखाई है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मैनपुरी और भोगांव विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के दौरान विलोपित किए गए नामों का अगले चार दिन में घर-घर जाकर सत्यापन किया जाए। पात्र मतदाता का नाम कटा तो भरवाएंगे फॉर्म-6 डीएम ने कहा कि जांच में किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से कटने की पुष्टि होती है, तो तत्काल फॉर्म-6 भरवाकर ऑनलाइन आवेदन कराया जाए। वहीं, नाम, पिता-पति के नाम या मकान नंबर में गड़बड़ी मिलने पर फॉर्म-8 के जरिए संशोधन कराया जाए। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्देश दिए कि सूची का गहनता से अध्ययन करें। SIR के दौरान विलोपित किए गए प्रत्येक नाम का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मैनपुरी के बूथ से 498 नाम विलोपित विधानसभा मैनपुरी के बूथ संख्या 222, गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज की BLO अभिलाषा चौहान ने बताया कि SIR के दौरान इस बूथ से 498 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए थे। वर्तमान में सूची में 724 मतदाता हैं। इनमें 388 पुरुष और 336 महिलाएं शामिल हैं। विलोपित नामों का घर-घर जाकर सत्यापन किया जा रहा है। भोगांव में दो मतदाताओं के नाम गलती से कटे विधानसभा भोगांव के बूथ संख्या 263, प्राथमिक विद्यालय रसूलाबाद के BLO मुकेश चंद ने बताया कि SIR के दौरान यहां से 561 मतदाताओं के नाम काटे गए थे। वर्तमान में सूची में 673 मतदाता हैं। इनमें 362 पुरुष और 311 महिलाएं हैं। घर-घर सत्यापन के दौरान अब तक दो ऐसे मतदाता मिले हैं, जिनके नाम गलती से विलोपित हो गए थे। दोनों के फॉर्म-6 भरवाकर ऑनलाइन आवेदन कराया जा चुका है। महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर डीएम ने कहा कि जिले की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधारने की गुंजाइश है। इसलिए अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराए जाएं। कोई भी पात्र महिला मतदाता नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों और BLO को सत्यापन के साथ नाम जोड़ने और संशोधन की प्रक्रिया भी गंभीरता से पूरी करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर और भोगांव सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, सुपरवाइजर और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

