प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने विजयदशमी के पावन पर्व पर अपनी पैतृक बेंती कोठी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन किया। अनुष्ठान में बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने भी अपने लाइसेंसी असलहों के साथ हिस्सा लिया। राजा भैया पारम्परिक धोती कुर्ता और समर्थक कुर्ता पायजामा में नजर आये। राजा भैया ने उपस्थित समर्थकों ने लगातार दूसरे साल विजयदशमी पर यह पूजन किया। आचार्य अतुल जी महाराज के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपूर्ण पूजन संपन्न हुआ, जिसके बाद भव्य आरती और प्रसाद वितरण किया गया। शस्त्र पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राजा भैया ने कहा कि यह सनातन संस्कृति का अहम हिस्सा है। इस दिन शस्त्रों के साथ गौ, अश्व और वाहनों का पूजन भी किया जाता है। उन्होंने इसे असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक बताते हुए हर घर में यह परंपरा निभाने की बात कही। समर्थकों के साथ अपने आत्मीय संबंधों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि उनका और उनके समर्थकों का सब कुछ एक-दूसरे का ही है। इस प्रकार बेंती कोठी में यह पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

