तरनतारन में सीमा सुरक्षा बल (BSF) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने सीमावर्ती इलाकों में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह संयुक्त ऑपरेशन के दौरान राजोके गांव से एक व्यक्ति को 5 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसकी कीमत करोड़ो रुपए आंकी गई है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजोके गांव निवासी लखविंदर सिंह के रूप में हुई है। हालांकि, गिरफ्तारी और हेरोइन की बरामदगी को लेकर अभी तक किसी अधिकारी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले पिछले सप्ताह भी BSF और NCB ने संयुक्त कार्रवाई की थी। उस दौरान एंटी-ड्रोन सिस्टम में तैनात हेड कांस्टेबल करण वीर सिंह को 15 किलो और 10 किलो हेरोइन की खेप के मामले में गिरफ्तार किया गया था। मौजूदा कार्रवाई को पिछली गिरफ्तारी के बाद अहम माना जा रहा है। गिरफ्तार हेड कांस्टेबल से हो सकता है कनेक्शन सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तार हेड कांस्टेबल करण वीर सिंह के लखविंदर सिंह से संभावित संबंध हो सकते हैं। जांच एजेंसियां इस कड़ी की पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, दोनों के बीच संबंधों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही कथित नेटवर्क और नशा तस्करी में उनकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

