क्या कनाडा टूट जाएगा? यह दुनिया भर में चर्चा का विषय है। अल्बर्टा प्रांत भी 10 सवालों वाले जनमत संग्रह के नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। इसमें कनाडा से अलगाव, आप्रवासन नीतियों और संवैधानिक बदलावों से जुड़े सवाल शामिल हैं। कनाडाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (CBC) के मुताबिक मतदान में देरी के कारण नतीजों की घोषणा टल गई है।
कनाडाई चैनल CBC ने बताया कि सोमवार को शाम 8 बजे (स्थानीय समय) मतदान बंद होना था, लेकिन देरी के चलते 100 से ज्यादा मतदान केंद्र उसके बाद भी खुले रहे। इसलिए नतीजे कम से कम रात 10 बजे (माउंटेन टाइम) तक आने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने बताया कि इस जनमत संग्रह में मतदाताओं से कई मुद्दों पर राय मांगी गई। इनमें यह भी शामिल था कि अल्बर्टा को कनाडा का हिस्सा बने रहना चाहिए या अलगाव पर बाध्यकारी मतदान कराने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
बैलेट के 10 सवाल क्या थे?
सवाल 1: क्या आप चाहते हैं कि अल्बर्टा सरकार आप्रवासन पर ज्यादा नियंत्रण ले, ताकि उसे टिकाऊ स्तर तक घटाया जा सके, आर्थिक प्रवासियों को प्राथमिकता मिले और नई नौकरियों में अल्बर्टा के लोगों को पहला हक मिले?
सवाल 2: क्या आप ऐसे कानून का समर्थन करते हैं, जिसके तहत स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और अन्य सामाजिक सेवाओं जैसे प्रांत-वित्तपोषित कार्यक्रमों का लाभ केवल कनाडाई नागरिकों, स्थायी निवासियों और अल्बर्टा द्वारा मान्य आप्रवासन दर्जे वाले लोगों को मिले?
सवाल 3: मान लें कि सभी कनाडाई नागरिकों और स्थायी निवासियों को ये योजनाएं पहले की तरह मिलती रहेंगी, तो क्या आप ऐसे कानून का समर्थन करते हैं, जिसमें अस्थायी कानूनी दर्जे वाले लोगों को प्रांत-वित्तपोषित सामाजिक सहायता योजनाओं का लाभ पाने से पहले कम से कम 12 महीने अल्बर्टा में रहना होगा?
सवाल 4: मान लें कि नागरिकों और स्थायी निवासियों को सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा पहले की तरह मिलती रहेगी, तो क्या आप चाहते हैं कि अल्बर्टा सरकार अस्थायी आप्रवासन दर्जे वाले लोगों से, उनके और उनके परिवार द्वारा स्वास्थ्य और शिक्षा प्रणाली के इस्तेमाल के लिए, उचित शुल्क या प्रीमियम ले?
सवाल 5: क्या आप ऐसे कानून का समर्थन करते हैं, जिसमें अल्बर्टा के प्रांतीय चुनाव में वोट डालने के लिए पासपोर्ट, जन्म प्रमाणपत्र या नागरिकता कार्ड जैसा नागरिकता का प्रमाण देना जरूरी होगा?
सवाल 6: क्या आप चाहते हैं कि अल्बर्टा सरकार इच्छुक प्रांतों के साथ मिलकर संविधान में संशोधन करे, ताकि प्रांतीय किंग्स बेंच और अपील अदालतों के न्यायाधीशों का चयन केंद्र की जगह प्रांतीय सरकारें करें?
सवाल 7: क्या आप चाहते हैं कि अल्बर्टा सरकार इच्छुक प्रांतों के साथ मिलकर संविधान में संशोधन करे, ताकि गैर-निर्वाचित संघीय सीनेट को खत्म किया जा सके?
सवाल 8: क्या आप चाहते हैं कि अल्बर्टा सरकार इच्छुक प्रांतों के साथ मिलकर संविधान में संशोधन करे, ताकि प्रांतों को स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सामाजिक सेवाओं जैसे प्रांतीय अधिकार क्षेत्र में दखल देने वाले संघीय कार्यक्रमों से बाहर रहने का विकल्प मिले और इसके बावजूद उन्हें संबंधित संघीय फंड मिलता रहे, जिसे वे अपने सामाजिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल कर सकें?
सवाल 9: क्या आप चाहते हैं कि अल्बर्टा सरकार इच्छुक प्रांतों के साथ मिलकर संविधान में संशोधन करे, ताकि प्रांतीय या साझा अधिकार क्षेत्र के मामलों में टकराव होने पर प्रांत के कानूनों को संघीय कानूनों पर प्राथमिकता मिले और संघीय दखल से प्रांतीय अधिकारों की बेहतर सुरक्षा हो सके?
सवाल 10: क्या अल्बर्टा को कनाडा का एक प्रांत बने रहना चाहिए, या अल्बर्टा सरकार को कनाडाई संविधान के तहत वह कानूनी प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए, जो इस पर बाध्यकारी प्रांतीय जनमत संग्रह कराने के लिए जरूरी है कि अल्बर्टा कनाडा से अलग हो या नहीं?
CBC के अनुसार सभी 10 सवाल गैर-बाध्यकारी हैं, यानी प्रांतीय सरकार नतीजों पर अमल करने के लिए कानूनी रूप से बाध्य नहीं है। नतीजों को वैध मानने के लिए न्यूनतम मतदान प्रतिशत की भी कोई शर्त नहीं है।

