Deepthi Jeevanji ने Asian Para Games 2026 में महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में 56.36 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीतकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया।
Deepthi Jeevanji Asian Para Games 2026: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के खाते में एक और गोल्ड मेडल आया। दरअसल, भारतीय पैरा-एथलीट दीप्ति जीवनजी ने मंगलवार को महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने यह दौड़ 56.36 सेकंड में पूरी की।
पेरिस पैरालंपिक 2024 की ब्रांज मेडल दीप्ति जीवनजी ने शानदार प्रदर्शन किया। वह अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी जापान की नीना कानो से 2 सेकेंड से भी अधिक अंतर से आगे रहीं। नीना कानो ने 58.92 सेकेंड के साथ सिल्वर मेडल जीता। जापान की अकाने काटो ने 1 मिनट 0.26 सेकंड का समय लेकर ब्रांज मेडल अपने नाम किया।
पैरा टेबल टेनिस में भाविना पटेल ने ब्रांज मेडल जीता
इससे पहले आज मंगलवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में भाविना पटेल ने भारत को ब्रांज मेडल दिलाया। भाविना पटेल ने महिलाओं की एकल क्लास 4-5 स्पर्धा के सेमीफाइनल हार के साथ ब्रांज से संतोष करना पड़ा। भाविना पटेल को चीन की चीन की झांग बियान से 0-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी। भाविना को चीन की झांग बियान के खिलाफ 7-11, 5-11, 7-11 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भाविना का एकल स्पर्धा में सफर समाप्त हो गया।
मेंस जैवलिन थ्रो में प्रदीप कुमार ने जीता सिल्वर
भारतीय पैरा-एथलीट प्रदीप कुमार और आयुष वर्मा ने मंगलवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में मेंस जैवलिन थ्रो की एफ53/एफ54 स्पर्धा में क्रमशः सिल्वर और ब्रांज मेडल जीते।
मेंस जैवलिन थ्रो की एफ53/एफ54 स्पर्धा में प्रदीप कुमार ने 27.45 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए 901 रजा अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता। आयुष वर्मा ने 17.88 मीटर के थ्रो के साथ 793 रजा अंक अर्जित किए और ब्रांज मेडल अपने नाम किया। ईरान के इरफान बोंडोरी ने 30.24 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो और 986 रजा अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।
पैरा टेबल टेनिस में सोनलबेन पटेल ने जीता ब्रांज मेडल
पैरा टेबल टेनिस में सोनलबेन पटेल ने महिलाओं की एकल क्लास 3 स्पर्धा में ब्रांज मेडल जीता। उन्हें सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की यून जियू के खिलाफ सीधे गेमों में 7-11, 5-11, 6-11 से हार का सामना करना पड़ा। मंगलवार को पैरा टेबल टेनिस में यह भारत का दूसरा पदक था। इससे पहले भाविना पटेल ने भी ब्रांज मेडल जीता था।
शॉट पुट में प्रवीण शर्मा ने जीता ब्रांज
मेंस शॉट पुट एफ11 स्पर्धा में प्रवीण शर्मा ने 13.86 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए ब्रांज मेडल जीता। ऐची-नागोया में उन्होंने अपने छठे और अंतिम प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और मेडल पक्का किया। ईरान के अमीरहुसैन अलीपुर और महदी ओलाद ने क्रमशः गोल्ड और सिल्वर जीतकर अपने देश को इस स्पर्धा में पहले दो स्थान दिलाए। अलीपुर ने 14.99 मीटर का थ्रो करते हुए एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया।
Sports – Patrika | CMS

