हिसार में आज दशहरा पर्व पर इस बार भी रावण दहन के दौरान आतिशबाजी देखने को मिलेगा। शहर में तीन प्रमुख रामलीला समितियों सहित 7 जगहों पर रावण दहन किया जाएगा। कहीं रावण मुंह खोलते ही आग उगलता नजर आएगा, कहीं उसकी घूमती गर्दन और मटकती आंखें दर्शकों का ध्यान खींचेंगी। रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के बीच रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। कटला रामलीला कमेटी की ओर से पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में, नृसिंह प्रहलाद रामलीला सभा की ओर से नई सब्जी मंडी में और बद्री-केदार रामलीला समिति की ओर से विद्युत नगर मैदान में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सामुदायिक केंद्र पटेल नगर हिसार का खाली मैदान, शिव कॉलोनी के पास मंडी आदमपुर, नई सब्जी मंडी के सामने उकलाना तथा प्रजापति कॉलोनी, दौलतपुर रोड बरवाला शामिल हैं। एसपी ने दिया पुख्ता सुरक्षा के आदेश इन सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जाएगी। एसपी सिद्धान्त जैन ने बताया कि कार्यक्रमों के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। जानिए कहां होंगे सबसे बड़े रावण के दहण… शाम 6 बजे पुराने गवर्नमेंट कॉलेज मैदान : पुराने गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में शाम 6 बजे रावण दहन किया जाएगा। कमेटी के प्रधान विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार 55 फीट ऊंचा रावण, 50 फीट का कुंभकर्ण और 45 फीट का मेघनाद तैयार किया गया है। पुतलों में आकर्षक तकनीकी प्रभाव देने की व्यवस्था की गई है। रावण का मुंह खुलते ही आग निकलेगी, जबकि उसकी गर्दन घूमेगी। आंखों में एलईडी लाइटें चमकेंगी। मुकुट को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है और उस पर लगी फिरकियां भी घूमेंगी। लोहे की बैरिंग से घूमेगी गर्दन, आंखें मटकेंगी : नई सब्जी मंडी में श्री नृसिंह प्रहलाद रामलीला सभा की ओर से शाम 6:30 बजे रावण पुतला दहन किया जाएगा। प्रधान सुरेश कक्कड़ के अनुसार यहां 45 फीट ऊंचे रावण, 40 फीट के कुंभकर्ण और 38 फीट ऊंचे मेघनाद का पुतला दहन किया जाएगा। रावण की गर्दन घूमने और आंखें मटकने के लिए लोहे की बैरिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। पुतले को इस बार नया रूप देने के लिए उसके कानों में टॉप्स लगाए गए हैं, जबकि मूंछ और दाढ़ी की बनावट भी बदली गई है। ये सभी चीजें दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

