राजगढ़ जिले के जीरापुर में घर से 50 लाख रुपए चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 41 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपियों ने घर में घुसकर चोरी की थी, जबकि चौथे आरोपी ने चोरी की रकम अपने पास रखी थी। वारदात के दौरान आरोपियों ने छतों के रास्ते घर में प्रवेश किया और चोरी के बाद कब्रिस्तान में रकम छिपाई थी। बाकी 9 लाख रुपए की बरामदगी के लिए जांच जारी है। जमीन बेचकर दीवान में रखे थे 50 लाख रुपए पुलिस के अनुसार, फरियादी अब्दुल रईस (51) ने अपनी जमीन 70 लाख रुपए में बेची थी। इसमें से 50 लाख रुपए घर में लकड़ी के दीवान में रखे थे। रकम 25-25 लाख रुपए के दो हिस्सों में रखी गई थी। 15 अक्टूबर को अब्दुल रईस अपनी पत्नी रुबीना, बेटे मोहम्मद साद और बेटी सदफ के साथ राजस्थान के पचपहाड़ में एक सगाई समारोह में शामिल होने गए थे। 16 अक्टूबर की रात परिवार लौटा तो पहली मंजिल पर स्थित कमरे का कुंडा टूटा मिला। दीवान में रखे 50 लाख रुपए गायब थे। इसके बाद जीरापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। छतों के रास्ते घर में घुसे, कब्रिस्तान में छिपाई रकम पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपी आसपास के मकानों की आपस में जुड़ी छतों का इस्तेमाल कर घर में घुसे और दीवान में रखी नकदी चुरा ली। वारदात के बाद पुलिस को भ्रमित करने के लिए उन्होंने नीचे का गेट खोल दिया और छतों के रास्ते अपने घरों की ओर लौट गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की रकम पहले अपने घर में और फिर कब्रिस्तान में छिपाई। अगले दिन रकम अपने साथी तौसीफ के पास रखवा दी। पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचना, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश की। जांच के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर 41 लाख रुपए बरामद किए गए। तीन आरोपियों से 39 लाख, चौथे से 2 लाख बरामद पुलिस के मुताबिक, चोरी के मामले में गिरफ्तार सोहेल पिता सलीम खान (22), फुजेल उर्फ फैजल पिता शहजाद खान (21) और असमत उर्फ समर लाला पिता बादशाह लाला (23), तीनों निवासी माताजी मोहल्ला, जीरापुर से 13-13 लाख रुपए बरामद किए गए। वहीं, खिलचीपुर के इमली स्टैंड निवासी तौसीफ पिता शहजाद खान (25) से 2 लाख रुपए मिले। इस तरह पुलिस ने कुल 41 लाख रुपए बरामद किए हैं। बाकी 9 लाख रुपए का पता लगाने के लिए जांच जारी है। कार, दो बाइक और सब्बल जब्त पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अर्टिगा कार, दो बाइक और एक सब्बल जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, सोहेल से अर्टिगा कार और सब्बल, फुजेल से एक बाइक तथा तौसीफ से एक बाइक जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि सोहेल, फुजेल और असमत के खिलाफ पहले भी अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन और एसडीओपी खिलचीपुर धर्मवीर सिंह नागर के नेतृत्व में जीरापुर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस अब चोरी की शेष रकम की बरामदगी सहित मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

