Suniel Shetty on Tiger Shroff Firing: बॉलीवुड के लोकप्रिय एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर मुंबई में हुए जानलेवा हमले के बाद से फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मची हुई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से ही बॉलीवुड के तमाम दिग्गज कलाकार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अब इस कड़ी में बॉलीवुड के ‘अन्ना’ यानी सुनील शेट्टी (Suniel Shetty) का भी बड़ा बयान सामने आया है। सुनील शेट्टी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए और यह हम सभी के लिए एक बड़ी चेतावनी है।
सुनील शेट्टी ने टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को लेकर क्या कहा?
सुनील शेट्टी ने ANI से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि टाइगर एक ऐसे इंसान हैं जो पूरी तरह से खेलकूद, फिटनेस, जिम और अपने काम में व्यस्त रहते हैं। उनका किसी से कोई विवाद नहीं है।
सुनील शेट्टी ने बेहद भावुक अंदाज में कहा, “जिसे दुनिया प्यार करती है और अगर उनके साथ ऐसा कुछ हो सकता है, तो किसी के साथ भी हो सकता है। यह बिल्कुल नहीं होना चाहिए था। टाइगर स्पोर्ट्स, सिर्फ एक्सरसाइज और अपने काम में लगा रहता है। पता नहीं क्यों हुआ ऐसा, यह नहीं होना चाहिए और हम सभी के लिए सुरक्षित रहना बहुत-बहुत जरूरी है।”
“जैकी दादा मेरे बचपन के दोस्त हैं, भगवान से दुआ है सब ठीक हो”- सुनील शेट्टी
सुनील शेट्टी और वरिष्ठ अभिनेता जैकी श्रॉफ (Jackie Shroff) के बीच पुरानी और गहरी दोस्ती है। इस मुश्किल समय में अपने जिगरी दोस्त जैकी श्रॉफ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सुनील शेट्टी ने आगे कहा कि जैकी दादा उनके बचपन के दोस्त हैं। उन्होंने राहत की सांस लेते हुए कहा कि उन्हें इस बात की सबसे ज्यादा खुशी है कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उन्होंने आगे कहा, “ड्राइवर को गोली लगी है और वह भी तेजी से रिकवरी पर है। तो भगवान से यही प्रार्थना है कि सब कुछ ठीक हो जाए।” सुनील शेट्टी के इस बयान से साफ जाहिर होता है कि बॉलीवुड परिवार इस संकट की घड़ी में किस तरह एक-दूसरे के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। मुंबई पुलिस इस मामले में लगातार दबिश दे रही है और उम्मीद है कि जल्द ही इस साजिश के पीछे छिपे असली चेहरे बेनकाब होंगे।
क्या हुआ था रविवार की शाम?
बता दें, रविवार शाम 7 बजे के करीब जुहू इलाके में जैकी श्रॉफ अपने गेम खत्म करके अपने ड्राइवर के साथ बाहर निकल रहे थे, तब ही कुछ हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें टाइगर श्रॉफ को ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर को गोली लगी है। वह नानावटी हॉस्पिटल में एडमिट हैं। जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, तीनों हमलावर पुलिस की गिरफ्त में हैं। उन्हें राजस्थान के कोटा से पकड़ा गया है। वह नेपाल भागने की फिराक में थे। वहीं, इस पूरे घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। पुलिस हर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

