jaisalmer: दशहरे पर बाजार में बरसेगा धन, दीपपर्व पर कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार

jaisalmer: दशहरे पर बाजार में बरसेगा धन, दीपपर्व पर कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार

जैसलमेर। नवरात्रा पर्व के बाद अब दशहरा, स्वर्णनगरी के बाजारों में कारोबार को नई रफ्तार देने की उम्मीद लेकर आए हैं। त्योहारों के साथ शुभ मुहूर्त में खरीदारी की परंपरा के चलते वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपयोग के सामान की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढऩे की संभावना है। खास तौर पर दशहरे के दिन दोपहिया व चारपहिया वाहन खरीदने के साथ टीवी, रेफ्रीजरेटर, वॉशिंग मशीन और मोबाइल जैसे उत्पादों की खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद है। व्यापारियों को भरोसा है कि इस बार आकर्षक ऑफर और आसान भुगतान की सुविधाएं बाजार में ग्राहकों का उत्साह बढ़ाएंगी।

वाहनों की खरीदारी पर टिकी नजरें

त्योहारी सीजन में वाहन बाजार कारोबार की प्रमुख धुरी बना हुआ है। दोपहिया वाहनों से लेकर कारों तक की खरीदारी को लेकर ग्राहकों में उत्साह रहने की उम्मीद है। शुभ मुहूर्त पर वाहन घर लाने की परंपरा के चलते दशहरे पर डिलीवरी का विशेष महत्व रहेगा। वाहन कंपनियों की ओर से दिए जा रहे आकर्षक ऑफर, आसान किस्तों पर फाइनेंस और पुराने वाहन के बदले नया वाहन लेने की सुविधा भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। इस बार दशहरा के अवसर पर करीब 200 दुपहिया वाहनों की बुकिंग हुई और विभिन्न श्रेणी के लगभग 50 चार पहिया वाहनों की डिलीवरी होगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान की बढ़ेगी मांग

त्योहारों पर घर को नया रूप देने और जरूरत के सामान की खरीदारी का चलन भी बाजार को गति देने वाला है। टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की दुकानों पर बिक्री बढऩे की उम्मीद है। कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए छूट, एक्सचेंज ऑफर और फाइनेंस की सुविधाएं दे रही हैं। इससे बजट के अनुसार खरीदारी करने वाले ग्राहकों को विकल्प मिल रहे हैं। त्योहारी मांग को देखते हुए व्यापारियों ने दुकानों पर पर्याप्त स्टॉक रखने और ग्राहकों को बेहतर सेवा देने की तैयारी की है। प्रमुख उत्पादों की उपलब्धता, आकर्षक डिस्प्ले और बिक्री के दौरान त्वरित सेवा पर जोर दिया जा रहा है। दशहरे के आसपास बाजार में भीड़ बढऩे की संभावना को देखते हुए दुकानदार अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने में जुटे हैं। अब बाजार की नजर इस बात पर है कि त्योहारों के दौरान कुल कारोबार पिछले साल के मुकाबले कितना बढ़ता है और ग्राहकों की खरीदारी से व्यापार को कितनी मजबूती मिलती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *