उदयपुर के गांधी ग्राउंड (महाराणा भूपाल स्टेडियम) में कल विजयादशमी पर रावण दहन होगा। इस बार 70 फीट ऊंचे रावण और 65-65 फीट के मेघनाद व कुंभकरण के पुतले जलाए जाएंगे। साथ ही 100 फीट लंबी सोने की लंका भी जलेगी। मंगलवार शाम 7 बजे लंका दहन और शाम 7:15 बजे रावण के पुतलों का दहन होगा। एएसपी (शहर) उमेश ओझा ने बताया कि 20 अक्टूबर को ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। दशहरे की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कल शाम 4 बजे से चेतक सर्कल, कोर्ट चौराहा, हाथीपोल और लोककला मंडल रूट पर ट्रैफिक डायवर्ट कर पार्किंग तय की है। शाम को खड़े किए गए पुतले चेतक स्थित गांधी ग्राउंड में सोमवार शाम को पूजा-अर्चना के बाद रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले खड़े किए गए। इसके साथ ही 100 फीट लंबी लंका का ढांचा भी तैयार कर दिया गया है। क्रेन और जेसीबी मशीनों की मदद से कार्यकर्ताओं ने दिनभर जुटकर इन पुतलों को खड़ा किया। श्री बिलोचिस्तान पंचायत के महासचिव विजय आहूजा ने बताया कि यह आयोजन श्री सनातन धर्म सेवा समिति और श्री बिलोचिस्तान पंचायत की ओर से हो रहा है।

