शारदीय नवरात्रि की नवमी पर रतनगढ़ माता मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को करीब 2 लाख श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंचे। नौ दिनों तक चले नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं ने माथा टेका। भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मुस्तैद रही। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में मंदिर परिसर से लेकर श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख मार्गों तक व्यवस्थाएं की गईं। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई, वहीं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी भी की गई। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण प्रशासन का पूरा ध्यान दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा पर रहा। प्रशासन और पुलिस के समन्वय से भीड़ को संभालने और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से दर्शन कराने के प्रयास किए गए।

