प्रयागराज मंडल क्रिकेट टीम का चयन 22 अक्टूबर को:राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आजमगढ़ में 23 से 29 अक्टूबर तक

प्रयागराज मंडल क्रिकेट टीम का चयन 22 अक्टूबर को:राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आजमगढ़ में 23 से 29 अक्टूबर तक

राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल की टीम उतारने के लिए 22 अक्टूबर को खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले ट्रायल के जरिए मंडल की टीम तैयार होगी। प्रयागराज के खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय ट्रायल सुबह नौ बजे से शुरू होगा, जबकि मंडल स्तरीय ट्रायल दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा। प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशाम्बी के खिलाड़ियों को भी जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंडल स्तरीय ट्रायल में शामिल होने का मौका मिलेगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 23 से 29 अक्टूबर तक आजमगढ़ के सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मंडल की टीम का चयन किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रीय खेल कार्यालय ने चयन और ट्रायल की समय-सारणी जारी कर दी है। प्रयागराज के खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर जिला स्तरीय ट्रायल में हिस्सा लेना होगा। वहीं, मंडल के अधीनस्थ जनपद प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशाम्बी के क्रीड़ा अधिकारियों तथा प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में समय से जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया पूरी कराने को कहा गया है। वहां से चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ियों और टीम को 22 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक प्रयागराज स्टेडियम भेजना होगा, ताकि मंडल स्तरीय ट्रायल में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। मंडल स्तरीय ट्रायल के आधार पर प्रतियोगिता के लिए प्रयागराज मंडल की टीम चुनी जाएगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने संबंधित जनपदों के खेल अधिकारियों से चयन प्रक्रिया समय से पूरी कराने और खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर भेजने का अनुरोध किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *