जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सेना के एक अधिकारी की पत्नी के खिलाफ विदेशी खुफिया एजेंटों के लिए संवेदनशील जानकारी जुटाने और उसे साझा करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, महिला पर चीन से जुड़े लोगों समेत विदेशी खुफिया एजेंटों के साथ कथित संपर्क रखने का आरोप है। पुलिस महिला की रिसर्च से जुड़ी गतिविधियों और विदेशी संस्थाओं के साथ उनके संभावित संपर्क की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, मामला शुक्रवार को जम्मू के गांधी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। इसमें ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। आरोपी महिला तेलंगाना की रहने वाली हैं और फिलहाल जम्मू में अपने पति के साथ रहती है। FIR दर्ज होने के बाद डीएसपी स्तर के अधिकारी ने उनसे पूछताछ की।
विदेशों में जानकारी पहुंचाने का शक शुरुआती जाच में संदेह जताया गया है कि खुफिया जानकारियां आनलाइन माध्यमों के जरिए चीन सहित अन्य विदेशी देशों से जुड़ी खुफिया एजेंसियों के लोगों तक पहुंचाई जा रही थी। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक यह साफ नहीं किया गया है कि कौन से दस्तावेज या जानकारियां साझा की गईं, विदेशी संपर्कों की पहचान क्या है और कितनी जानकारियां ट्रांसफर की गईं। मामले में किसी विदेशी खुफिया नेटवर्क की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। महिला पर लगे आरोपों की हो रही जांच जम्मू-कश्मीर की रणनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए यह मामला सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि क्या आरोपित ने किसी गोपनीय दस्तावेज या इलेक्ट्रानिक रिकार्ड तक पहुंच बनाई थी और क्या वास्तव में कोई संवेदनशील जानकारी विदेशी एजेंसियों तक पहुंचाई गई। पुलिस ने अभी तक बरामदगी, तलाशी या गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। फिलहाल महिला पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। ———————— ये खबर भी पढ़ें… पाकिस्तानी एजेंट के हनीट्रैप में फंसा नेवी जवान:खुफिया जानकारी लीक करने के आरोप आंध्र प्रदेश पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (CI) सेल ने इंडियन नेवी के जवान प्रदीप मुखर्जी को कोयंबटूर से गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तानी महिला खुफिया एजेंट को डिफेंस की सेंसिटिव जानकारी देने का आरोप है। पूरी खबर पढ़ें…
जम्मू में सेना अधिकारी की पत्नी पर जासूसी का आरोप:चीन से जुड़े लोगों समेत विदेशी खुफिया एजेंटों के संपर्क में थी, FIR दर्ज

