हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने आज रविवार को सिरसा जिले की विभिन्न अनाज मंडियों का दौरा किया। कृषि मंत्री राणा में मंडियों में खरीद को लेकर किसानों की समस्या जानी। किसानों ने सरकार द्वारा धान खरीद में लिमिट तय करने पर ऐतराज जताया और टोकन सिस्टम व साइट में आने वाली तकनीकी खामियों की समस्याएं रखी।
इस पर कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि अधिक उत्पादन होने पर भी किसान की फसल का दाना-दाना खरीदा जाएगा। किसी किसान को केवल अधिक पैदावार के कारण अपनी फसल बेचने में परेशानी नहीं आने दी जाएगी। आढ़तियों ने पोर्टल पर निर्धारित मात्रा के अनुसार टोकन कटने के कारण अधिक उत्पादन वाले किसानों को पूरी फसल बेचने में आने वाली समस्या से अवगत कराया। इस पर श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसी किसान का उत्पादन 30 क्विंटल प्रति एकड़ या इससे अधिक होना अच्छी बात है। ऐसे किसानों की फसल की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक उत्पादन के कारण टोकन कटवाने में परेशानी आने पर किसान मार्केट कमेटी के सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र सैन को लिखित प्रार्थना पत्र दें। संबंधित समस्या का समाधान 48 घंटे के भीतर करवाया जाएगा। मंत्री ने सुरेंद्र सैन को एसडीएम के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कर किसानों की फसल बिकवाने के निर्देश दिए। किसान बोले-पुलिस मंत्री का नहीं कर रही चालान वहीं, डबवाली मंडी में दौरे के दौरान कृषि मंत्री की गाड़ी पर बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) होने पर सवाल उठाए हैं और इसका वीडियो भी वायरल है। मंत्री की गाड़ी पर एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं थी। इस पर किसानों ने ट्रैफिक पुलिस थाना प्रभारी से भी सवाल जवाब किए कि मंत्री की गाड़ी पर एचएसआरपी प्लेट नहीं है। क्या पुलिस मंत्री की गाड़ी का चालान करेगी? किसानों ने आरोप लगाया कि डबवाली पुलिस आमजन व किसान-मजदूरों के लगातार चालान कर रही है, लेकिन मंत्री की गाड़ी का कोई चालान नहीं होगा। पुलिस ने भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। मगर इसका सरकार के मंत्री ही पालन नहीं कर रहे। मंत्री से किसान बोले, खाद नहीं मिल रही डबवाली में दौरे से पहले किसानों ने गेट पर ही मंत्री की गाड़ी का घरेाव कर लिया। किसानों ने खाद न मिलने की समस्या मंत्री के समक्ष रखी। इस पर कृषि मंत्री बोले, अब सरसों की बुवाई का समय आने वाला है। इसीलिए पहले सरसों बुवाई वाले किसानों को डीएपी मुहैया करवाई जाएगी। इसके 10 दिन बाद गेहूं व चना की बुवाई होनी है। फिर उन किसानों को डीएपी दी जाएगी। इसे लेकर मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल बना है, जिस पर किसानों ने पंजीकरण करवाया हुआ है। उसी से पता चलता है कि किसी किसान ने 10 एकड़ तो किसी ने 15 एकड़ का पंजीकरण कराया हुआ है। उसी अनुसार खाद मुहैया करवाई जा रही है। कपास की खेती पर 10 हजार रुपये प्रति एकड़ मिलेगा प्रोत्साहन
कृषि मंत्री ने कहा कि धान की खेती छोडक़र कपास की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया गया है। कपास की खेती को बढ़ावा देने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विश्वविद्यालयों से बातचीत की जा रही है। जिन क्षेत्रों में भूजल खारा है और सिंचाई के लिए नहरी पानी की आवश्यकता रहती है, वहां नहरी पानी और ट्यूबवेल के पानी को मिलाकर सिंचाई की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा। आढ़ती बोले-कई बार ऑनलाइन टोकन नहीं कटते रानियां में आढ़तियों ने निजी खरीद के तहत बासमती धान के टोकन काटने में आ रही तकनीकी दिक्कतों से मंत्री को अवगत करवाया कि पोर्टल पर अधिक दबाव या सॉफ्टवेयर में खराबी के कारण कई बार ऑनलाइन टोकन नहीं कट पाते, जिससे खरीद प्रभावित होती हैं।
इस पर कृषि मंत्री ने तत्काल चंडीगढ़ में संबंधित उच्च अधिकारियों से बातचीत की और आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान महेश फुटेला से भी उनकी बात करवाई। मैन्युअल टोकन काटने के आदेश जारी किए। यह व्यवस्था केवल ऑनलाइन पोर्टल में दिक्कत आने तक अस्थायी रूप से लागू रहेगी। अतिरिक्त व्यवस्था को भी जोड़ा जाएगा मंडी में फसल उतारने के लिए अतिरिक्त जगह की आवश्यकता के मुद्दे पर मंत्री राणा ने आढ़तियों से कहा कि वे मार्केट कमेटी सचिव को लिखित मांग पत्र दें, ताकि जरूरी व्यवस्था करवाई जा सके। अतिरिक्त स्थान को भी ऑनलाइन जीपीएस प्रणाली से जोड़ा जाएगा। कृषि मंत्री राणा ने मीडिया से बातचीत में कहा, प्रदेश सरकार किसानों की फसल खरीद के प्रति गंभीर है। मंत्री, विधायक और अधिकारी लगातार मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। अधिकांश स्थानों पर उठान सुचारू रूप से चल रहा है। इसके बावजूद जहां जरूरत है, वहां उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए। ये रहे मौजूद उनके साथ पूर्व विधायक रामचंद्र कंबोज, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री बलवान जांगड़ा, एसडीएम ऐलनाबाद अदिति सिंघानिया, तहसीलदार शुभम शर्मा, मार्केट कमेटी सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र सैन, भाजपा नेता राजेंद्र देसूजोधा, चेयरमैन ललित मोहन पोपली, पारुल शर्मा और कृष्णा दलाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

