Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में एकतरफा प्रेम के चलते कॉलेज छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है। कुडाल तालुका के वर्दे कडावल गांव में साहिल धुरी ने दामिनी पालव पर हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने फरार आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रेम प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया
पुलिस ने बताया कि साहिल धुरी की दामिनी पालव से सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी। इसके बाद साहिल दामिनी से एकतरफा प्रेम करने लगा। बताया जा रहा है कि दामिनी ने उसके प्रेम प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था। इसी बीच दामिनी की शादी तय हो गई। आशंका है कि इससे नाराज होकर साहिल ने उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार दामिनी कॉलेज जाने के लिए एसटी बस से सफर करती थी।
धारदार हथियार से हमला
घटना के दिन वह कॉलेज से लौटकर अपने गांव पहुंची और घर जा रही थी। इसी दौरान साहिल पहले से रास्ते में उसका इंतजार कर रहा था। उसने दामिनी को रोककर प्रेम स्वीकार करने का दबाव बनाया। दामिनी ने जब उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो आरोपी ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में दामिनी की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।
आरोपी घर से गिरफ्तार
सिंधुदुर्ग पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए साहिल धुरी को उसके घर से पकड़ लिया। पुलिस ने उसके खून से सने कपड़े भी जब्त किए हैं। इन कपड़ों को जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी ने क्या तैयारी की थी।
गौरतलब है कि उल्हासनगर के भय्यासाहेब आंबेडकर नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। प्रेम संबंध का विरोध कर रही एक मां ने अपनी 20 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी थी। घटना के बाद उल्हासनगर पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया था कि मृतका अमृता गरड का अपने ही इलाके के एक युवक से प्रेम संबंध था। उसकी मां आशा गरड इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थी और किसी भी हालत में बेटी की शादी उस युवक से नहीं कराना चाहती थी। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

