देवरिया में मदनपुर नगर पंचायत के मदनपुर चौराहा स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र अब रात में स्ट्रीट लाइट की रोशनी से जगमगाएगा। शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अली आजम शेख ने करीब 16 लाख रुपए की लागत से लगाई गईं स्ट्रीट लाइटों का शुभारंभ किया। लाइटें जलते ही मंदिर और आसपास का क्षेत्र रोशनी से नहा उठा। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि अली आजम शेख ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों के आसपास बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। शिव मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। स्ट्रीट लाइट लगने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को रात में आवागमन में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। जहां भी प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता है, वहां चरणबद्ध तरीके से स्ट्रीट लाइट की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे। इस दौरान सभासद रूपेश राजभर, योगेश राजभर, कैदे आजम शेख, मन्ने शेख, शकील शेख, सत्यम राजभर सहित नगर पंचायत के कर्मचारी व स्थानीय लोग मौजूद थे।

