बालाघाट जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्र की कोसमी पंचायत में रविवार को पुलिस ने जुए के अड्डे पर कार्रवाई की है। कोसमी के वार्ड नंबर 1 की महिला पंच काशीबाई के घर पर चल रहे जुएं के फड़ पर पुलिस ने अचानक दबिश देकर 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में ताश के पत्तों पर दांव लगा रही महिला पंच खुद भी पकड़ी गई है। कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह कमरे के अंदर ताश के पत्तों पर पैसों की बाजी लगाई जा रही थी। जैसे ही पुलिस ने मौके पर धावा बोला, जुआरियों के होश उड़ गए। मुखबिर की पक्की खबर पर पुलिस ने मारा छापा ग्रामीण थाना प्रभारी रमेश जाट ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से खबर मिल रही थी कि वार्ड पंच काशीबाई के मकान में जुए की फड़ सजती है। सूचना की पुख्ता तस्दीक करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कोसमी निवासी विनोद बंसोड़, प्रशांत मेश्राम, ललित जुम्हारे, मनीष छिपेकर, विकास चंदनबटुये, राजा निकोसे, राजा कहार और मकान मालकिन सह वार्ड पंच काशीबाई को धर दबोचा। हालांकि बाद में सभी आरोपियों को नियमानुसार मुचलके पर जमानत दे दी गई। नकद पैसों समेत बाइक और मोबाइल जब्त पुलिस ने मौके से 24 हजार 420 रुपए नकद जब्त किए हैं। इसके अलावा जुआरियों के पास से करीब 86 हजार रुपए की कीमत के 6 मोबाइल फोन और 85 हजार रुपए की दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

