मनेंद्रगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय एमसीबी ग्रांड गरबा उत्सव का समापन भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित उत्सव में पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। अंतिम दिन स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उत्सव के अंतिम दिन मां दुर्गा की आरती और पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने गरबा की प्रस्तुतियां दीं। गरबा की धुन पर थिरकते प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना। श्रद्धालुओं ने प्रस्तुतियों का आनंद लिया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। तीनों दिन आयोजन स्थल पर भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने की पहल एमसीबी ग्रांड गरबा उत्सव का उद्देश्य नवरात्रि पर्व को सामूहिक रूप से मनाने के साथ भारतीय संस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्य को बढ़ावा देना था। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता और आपसी मेल-मिलाप को भी बढ़ावा देते हैं।

