कानपुर में NDA छात्र ने फंदा लगाकर जान दी:पिता पंचर की दुकान चलाते थे, बेटा देश सेवा का सपना देखता था

कानपुर में NDA छात्र ने फंदा लगाकर जान दी:पिता पंचर की दुकान चलाते थे, बेटा देश सेवा का सपना देखता था

कानपुर के काकादेव में रहकर नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय छात्र ने शनिवार देर रात हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। अन्य छात्रों ने उसे फंदे से लटका देखा तो हॉस्टल संचालक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर काकादेव पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने देर रात करीब 11:30 बजे छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दी। रात करीब एक बजे फतेहपुर से कानपुर पहुंचे परिजन बेटे का शव देखकर बिलख पड़े। पिता ने घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पंचर की दुकान चलाकर बेटे को पढ़ा रहे थे पिता फतेहपुर जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के सिलवान गांव निवासी जगराम पाल घर से कुछ दूरी पर पंचर की दुकान चलाते हैं। परिवार में पत्नी नीलम, बड़ी बेटी निकिता, बेटा विपिन पाल (18) और छोटा बेटा केतन है। जगराम ने बताया कि बेटी निकिता एलन हाउस से बीसीए कर रही है, जबकि छोटा बेटा केतन 11वीं में पढ़ता है। विपिन पढ़ाई में होनहार था और देश की सेवा करने का सपना देखता था। इसी वजह से अप्रैल में उसे NDA की तैयारी के लिए कानपुर भेजा था। वह काकादेव स्थित ग्लोबल कोचिंग से तैयारी कर रहा था और हॉस्टल में रहता था। पिता के मुताबिक, विपिन ने हाल ही में NDA की परीक्षा दी थी, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सका। इस बात को लेकर वह कुछ दिनों तक दुखी रहा। मां और बहन ने उसे समझाया था कि तैयारी शुरू किए अभी केवल छह महीने हुए हैं, अगली बार मेहनत से परीक्षा पास कर लेगा। परिजनों के अनुसार, समझाने के बाद विपिन सामान्य हो गया था और दोबारा पढ़ाई में जुट गया था। परिवार को भी लगा कि वह परीक्षा की तैयारी में लगा हुआ है और आगे बेहतर करेगा। आखिरी बार बहन से फोन पर की थी बात जगराम ने बताया कि शनिवार सुबह विपिन ने फोन कर पहले उनसे, फिर अपनी मां से बात की थी। इसके बाद बहन निकिता से भी काफी देर तक पढ़ाई को लेकर बातचीत की। शाम करीब पांच बजे उसने बहन को आखिरी बार फोन किया। इस दौरान परिवार के सभी सदस्यों का हालचाल पूछा और कहा कि अब अगले दिन दोपहर में फोन करेगा। इसके बाद वह पढ़ाई करने की बात कहकर फोन रख दिया। परिजनों के मुताबिक, फोन पर हुई बातचीत के दौरान ऐसा कुछ महसूस नहीं हुआ, जिससे उन्हें लगे कि विपिन किसी परेशानी में है या कोई गंभीर कदम उठा सकता है। रात करीब 11:30 बजे काकादेव पुलिस का फोन आया तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने विपिन के फंदा लगाकर जान देने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तत्काल फतेहपुर से कानपुर के लिए रवाना हो गए। रात करीब एक बजे हॉस्टल पहुंचने पर बेटे का शव देखकर मां और बहन समेत सभी परिजन फूट-फूटकर रोने लगे। ‘पापा, एक दिन लोग कहेंगे कि पंचर वाले का बेटा देश की सेवा कर रहा है’ पोस्टमार्टम हाउस में बेटे को याद कर पिता जगराम पाल अपने आंसू नहीं रोक सके। उन्होंने बताया कि विपिन का सपना सेना में जाकर देश की सेवा करना था। वह अक्सर उनसे कहता था, ‘पापा, मैं चाहता हूं कि एक दिन गांव के लोग आपको देखकर कहें कि पंचर वाले का बेटा आज देश की सेवा कर रहा है।’ बेटे के इन्हीं सपनों को पूरा करने के लिए जगराम दिनभर पंचर की दुकान चलाकर परिवार का खर्च उठाने के साथ उसकी पढ़ाई का इंतजाम कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि बेटा NDA की परीक्षा पास कर सेना में अधिकारी बनेगा और परिवार का नाम रोशन करेगा। लेकिन बेटे की मौत ने उनके सारे सपने तोड़ दिए। दुखी पिता ने कहा कि देश की सेवा करने का जज्बा रखने वाला उनका बेटा इतना परेशान कैसे हो गया कि उसने अपनी जान दे दी। यह कहते हुए वह फफक पड़े।

हाईस्कूल में 90 तो इंटरमीडिएट में मिले थे 85 प्रतिशत अंक
पिता ने बताया कि विपिन पढ़ाई में काफी तेज था। उसने हाईस्कूल की परीक्षा में 90 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 85 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। घर पर रहने के दौरान भी वह रोजाना पांच से छह घंटे पढ़ाई करता था। NDA की तैयारी के लिए कानपुर आने के बाद भी परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। पिता के अनुसार, बेटी निकिता और छोटा बेटा केतन भी पढ़ाई में अच्छे हैं। परिवार विपिन को लेकर बड़े सपने देख रहा था, लेकिन उसकी मौत से सभी सदमे में हैं। परिजन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या परेशानी थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हॉस्टल में फंदे से लटका मिला शव काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि देर रात डायल-112 के माध्यम से छात्र के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तो छात्र का शव कमरे में पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और परिजनों को सूचना दी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, परिजन यदि कोई आरोप लगाते हैं या तहरीर देते हैं तो मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छात्र की मौत के पीछे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *