जयपुर। राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान संबंधी बयान पर पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व नाराज बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने शनिवार सुबह राठौड़ से बात कर उनके बयान के बारे में जानकारी ली। राठौड़ की टिप्पणी ऐसे समय सामने आई है, जब भाजपा राष्ट्रीय सुरक्षा और पाकिस्तान के मुद्दे पर लगातार अपना कड़ा रुख रखती रही है। ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष के बयान ने पार्टी को असहज स्थिति में डाल दिया है। विपक्ष भी इस मुद्दे पर भाजपा को घेर रहा है।
पार्टी नेतृत्व की चिंता केवल मौजूदा बयान तक सीमित नहीं है। मदन राठौड़ के बयानों पर पहले भी विवाद हो चुके हैं और उन्हें सफाई देनी पड़ी है। बार-बार विवाद से संगठन की छवि पर असर पड़ने की आशंका है। राठौड़ ने सफाई दी कि उनकी टिप्पणी भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच और देशभक्ति के संदर्भ में थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बात को संदर्भ से काटकर पेश किया गया। अब निगाहें इस पर हैं कि केंद्रीय नेतृत्व इस मामले में आगे क्या रुख अपनाता है।
कार्रवाई कब करेगी भाजपाः जूली
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान से जुड़े बयान पर सवाल उठाते हुए भाजपा नेतृत्व से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जूली ने बयान जारी कर कहा कि दूसरों को राष्ट्रभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने वाली भाजपा बताए कि पाकिस्तान के पक्ष में बयान देने वाले अपने प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ कब कार्रवाई करेगी?
राठौड़ के बयान से गरमाई सियासत
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान से जुड़े कथित बयान पर सियासत गरमाई हुई है। राजस्थान के विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर राठौड़ के इस्तीफे की मांग उठाई। कांग्रेस ने अजमेर, झालावाड, अलवर, सीकर, जैसलमेर, डूंगरपुर, ब्यावर, हनुमानगढ़, धौलपुर, बूंदी, भरतपुर सहित कई जिलों में प्रदर्शन किया। अजमेर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय पर पोस्टर चिपका दिए। उन्होंने स्प्रे से भाजपा कार्यालय की दीवारों पर आपत्तिजनक बातें लिख दीं।
अचानक हुए घटनाक्रम के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मामले में कार्यकर्ताओं को श्रीनगर के निकट से हिरासत में लिया है। बाद में 12 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ और सुरक्षाकर्मियों को धमकाने की शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि दलों में राजनीतिक मतभेद होते हैं, लेकिन ऐसा कृत्य करना गलत है।

