मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में शनिवार देर रात एक मंदिर के पास खड़े श्रद्धालुओं को एक ट्रक ने कुचल दिया, जिससे 13 लोगों की मौत हो गई और करीब 40 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना देर रात करीब डेढ़ बजे शीतला माता मंदिर मार्ग पर हुई, जब ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद ट्रक ने वहां खड़े और बैठे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी और मंदिर की दीवार से टकराकर रुक गया। ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘शीतला माता मंदिर के पास सड़क किनारे इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को धान से लदे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे 13 लोगों की मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि हादसे में करीब 40 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार-पांच घायलों की हालत गंभीर है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में बचाव अभियान जारी है।

