मंदसौर से पिपलियामंडी लौट रहे चाचा-भतीजे की बाइक शनिवार रात थडोद टोल टैक्स से पहले एक फैक्ट्री के पास सड़क पार कर रहे व्यक्ति से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार विजय (32) और उनका 17 वर्षीय भतीजा अजीत डांगी घायल हो गए। वहीं, बाइक की टक्कर से घायल हुए राहगीर रामधारी पिता गोपी की हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, पिपलियामंडी निवासी विजय अपने भतीजे अजीत के साथ मंदसौर से गरबे की ड्रेस लेकर बाइक से लौट रहे थे। शनिवार रात करीब 9 बजे टोल टैक्स से पहले फैक्ट्री के पास अचानक सड़क पार कर रहा रामधारी बाइक के सामने आ गया। इससे बाइक उससे टकरा गई। टक्कर के बाद विजय और अजीत सड़क पर घिसटने से घायल हो गए, जबकि रामधरी भी बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे में विजय के बाएं हाथ और दाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उनके दाएं हाथ में भी गंभीर चोट आई है, जबकि कंधे पर घिसटने से चोट लगी है। वहीं, अजीत के हाथ-पैर और पेट के पास चोटें आई हैं। रामधारी के सिर, हाथ और पैर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। रामधारी की हालत गंभीर, उदयपुर रेफर
घटना के बाद टोल एंबुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां विजय को ऑर्थो वार्ड और अजीत को मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। रामधारी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया। दरअसल, नवरात्रि के चलते शनिवार को पिपलियामंडी में फैंसी ड्रेस गरबा कार्यक्रम आयोजित होना था। इसी के लिए विजय अपने भतीजे के साथ मंदसौर से ड्रेस लेकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

