Kolkata के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ से भगदड़, 25 लोग घायल

Kolkata के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ से भगदड़, 25 लोग घायल

उत्तरी कोलकाता में दुर्गा पूजा के सामुदायिक आयोजन के दौरान शनिवार शाम अचानक भीड़ बढ़ जाने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसमें कम से कम 25 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उस सरकारी अस्पताल का दौरा किया, जहां घायलों का उपचार हो रहा है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। कुछ समाचार चैनलों ने हादसे में कई लोगों की मौत होने की खबर दी, लेकिन मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जैसे ही बारिश शुरू हुई, चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर प्रतीक्षा कर रही भीड़ आगे की ओर भागी, जिससे कुछ लोग सड़क पर गिर गए और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

उन्होंने कहा, ‘‘कम से कम 25 लोगों को गंभीर हालत में कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।’’
अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री सरदवत मुखर्जी और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति की खबर से बेहद स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा, ‘‘चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं और इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति और साहस मिले।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *