अखिलेश ने दिखाई मुफ्त धार्मिक यात्रा बसों को हरी झंडी:PDA का संदेश गांव-गांव पहुंचाने की अपील, बुलंदशहर के शिकारपुर में दो बसों से श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

अखिलेश ने दिखाई मुफ्त धार्मिक यात्रा बसों को हरी झंडी:PDA का संदेश गांव-गांव पहुंचाने की अपील, बुलंदशहर के शिकारपुर में दो बसों से श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय से बुलंदशहर के शिकारपुर क्षेत्र के लिए निःशुल्क धार्मिक यात्रा बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा शिव कुमार शर्मा उर्फ सीटू भाई की ओर से शुरू की गई है। इसके तहत क्षेत्र के लोगों को स्नान पर्वों और धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आने-जाने की सुविधा मिलेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के खाने-पीने की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी। शिव कुमार शर्मा ने शिकारपुर क्षेत्र के लोगों के लिए दो बसों की नियमित व्यवस्था की है। इन बसों से श्रद्धालु सुबह धार्मिक यात्रा पर निकलेंगे और दर्शन-पूजन के बाद शाम तक घर लौट सकेंगे। बसों को समाजवादी पार्टी के झंडों और बैनरों से सजाया गया है। बस सेवा को रवाना करने के बाद अखिलेश यादव ने शिव कुमार शर्मा के जनसेवा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीडीए के प्रेम, दया और अपनेपन के संदेश को घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचाया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, पीडीए हर अपमानित, पीड़ित और शोषित व्यक्ति के लिए संबल देने का काम करता है। धार्मिक यात्रा के साथ दूसरी सुविधाएं भी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि वह अपने क्षेत्र में जरूरतमंदों की मदद के लिए एंबुलेंस सेवा, निःशुल्क आटा चक्की और ट्रैक्टर की सुविधा भी उपलब्ध कराते हैं। धार्मिक यात्रा बस सेवा शुरू करने का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में मदद करना है, ताकि वे बिना आर्थिक बोझ के दर्शन-पूजन कर सकें। शर्मा ने समाजवादी पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए कहा कि वह अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी को बहुमत दिलाने और उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करेंगे। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक वंशी सिंह पहाड़िया, सौरभ मीना, संजीव पहाड़िया, करन चौधरी, चौधरी वीरेंद्र सिंह, राम कुमार प्रधान और संदीप यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *